Kanpur Update : यूपी के चर्चित हत्याकांड में एक्शन शुरू, चौबेपुर थाने के 3 पुलिसकर्मी संस्पेंड

उत्तर प्रदेशKanpur Update : यूपी के चर्चित हत्याकांड में एक्शन शुरू, चौबेपुर थाने...

Date:


Kanpur Update : यूपी के चर्चित हत्याकांड में एक्शन शुरू, चौबेपुर थाने के 3 पुलिसकर्मी संस्पेंड

कानपुर मुठभेड़ मामले में 115 पुलिस वाले जांच के दायरे में हैं
सब इंस्पेक्टर कुंवर पाल, सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार शर्मा और आरक्षी राजीव को पुलिस अधीक्षक ने सस्पेंड किया है

कानपुर में गुरुवार को 8 पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद से प्रदेश सरकार एक्शन ले रही है. हत्याकांड के मास्टरमाइंड का किलेनुमा घर गिराने के बाद उसके सगे संबंधियों पर मुकदमा दर्ज कर उनसे पूछताछ हो रही है. सोमवार को चौबेपुर थानाध्यक्ष विनय तिवारी के बाद अब चौबेपुर थाने के दो सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है. सभी विकास के संपर्क में थे, कॉल डिटेल से खुलासा हुआ. सरकार ने सब इंस्पेक्टर कुंवर पाल, सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार शर्मा और आरक्षी राजीव को पुलिस अधीक्षक ने सस्पेंड कर दिया है.

115 पुलिस वाले जांच के दायरे में
कानपुर मुठभेड़ मामले में 115 पुलिस वाले जांच के दायरे में हैं. सूत्रों के मुताबिक, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ हत्या (302) का मामला दर्ज किया जाएगा, कानपुर पुलिस तकरीबन 115 पुलिस वालों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है, जो गैंगस्टर के पे रोल पर हो सकते हैं.क्षेत्र में और आसपास रहने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या और उनके विवरणों की जांच करके पता लगाया जा रहा है कि किसने विकास को फोन किया और पुलिस मूवमेंट के बारे में उसे जानकारी दी. विशेषज्ञों की एक टीम को कई पुलिसकर्मीयों का नंबर सौंप दिया गया है. पिछले 15 दिनों से दुबे और उनके गुर्गों द्वारा इस्तेमाल किए गए नंबरों की जांच की जा रही है.

यूपी के कई कोर्ट में अलर्ट
विकास दुबे के सरेंडर की खबरों के बीच आज भी यूपी के कई कोर्ट में अलर्ट जारी है. किसी भी हाल में पुलिस विकास दुबे को कोर्ट में सरेंडर नहीं करने देना चाहती है. यूपी पुलिस सरेंडर से पहले ही विकास दुबे को गिरफ्तार करना चाहती है.कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने बताया कि जो व्यक्ति दुबे के बारे में सही जानकारी देगा, उसे इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान भी गुप्त रखी जाएगी. इसके अलावा पूरे प्रदेश के टोल नाकों पर दुबे के पोस्टर लगाए जाने को कहा गया है. अग्रवाल ने बताया कि दुबे को ढूंढने के लिए 40 पुलिस थानों की 25 टीमें लगाई गई हैं, जो दिन-रात पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही हैं. इसके अलावा कुछ टीम दूसरे प्रदेशों में भी भेजी गई हैं.जल्द ही अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है.पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस की सर्विलांस टीमें दुबे के करीबियों के मोबाइल का लगातार सर्विलांस कर रही हैं और उससे कोई भी नाता रखने वाला हर व्यक्ति पुलिस के राडार पर है. इस बीच राज्य के पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी ने इस बारे में कहा कि हमें जहां भी अपने सूत्रों से या जनता से कोई भी सुराग मिल रहा है, पुलिस टीमें वहां लगातार दबिश दे रही हैं. अभी तक इस मामले में 4 पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं. 3 पुलिसकर्मी सोमवार को निलंबित किए गए.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी. ने बताया कि निलंबित होने वालों में उपनिरीक्षक कुंवरपाल, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार शर्मा और कांस्टेबल राजीव हैं। ये सभी चौबेपुर थाने में तैनात थे। तीनों के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और अगर जांच के दौरान उनकी भूमिका या साजिश सामने आई तो उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related