Vande Bharat train: देश की पहली सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का आज फिर मवेशियों से टकराव हुआ है, यह लगातार दूसरा दिन है जब गुजरात में इस ट्रेन के साथ हादसा हुआ है, आज के हादसे में ट्रेन को सिर्फ डेंट लगा है जबकि कल की भिड़ंत में ट्रेन के अगले हिस्से को काफी नुक्सान हुआ था और चार मवेशियों की भी मौत हुई थी. बता दें कि कल के हादसे पर रेलवे ने मवेशियों के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को हुए इस हादसे में ट्रेन के आगे के हिस्से को थोड़ा डेंट आया है, घटना दोपहर करीब 4 बजे के आसपास वडोदरा मंडल में आणंद के पास की है जब ट्रेन के सामने अचानक एक गाय आकर टकरा गई. हादसे के बाद ट्रेन लगभग 10 मिनट तक रुकी रही, चूँकि ट्रेन को ज़्यादा नुक्सान नहीं हुआ था इसलिए उसे आगे लिए रवाना कर दिया गया. बता दें कि ट्रेन गांधीनगर से मुंबई जा रही थी.
वहीं इन हादसों पर गुजरात के आणंद में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पटरियों पर मवेशियों के साथ टकराव रोक पाना पूरी तरह से संभव नहीं है, बावजूद इसके कि वंदे भारत ट्रेन को डिजाइन करते समय इस बात को पूरी तरह ध्यान में रखा गया है फिर भी ऐसे हादसों से नुक्सान होना पूरी तरह संभव है.
इससे पहले गुरुवार को वंदे भारत ट्रेन के साथ हुए हादसे में ट्रेन के अगले हिस्से को भारी नुक्सान हुआ था, ट्रेन को काफी देर वहां रोकना पड़ा था, उस हादसे में चार भैंसों की मौत हो गयी थी, यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद आ रही और वटवा-मणिनगर स्टेशन के पास भैंसों के एक झुंड से टकरा गई थी. देश में इस समय तीन वनडे भारत सेमी हाई स्पीड ट्रेने दौड़ रही हैं.
