बिहार में कल रात एक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गयी. एक तेज़ रफ़्तार ट्रक बेकाबू होकर निकल रही शोभा यात्रा में घुस गया और लोगों को रौंदता हुआ निकल गया. वैशाली ज़िले के सुल्तानपुर गाँव में हुए इस दिल दहलाने वाले हादसे में 12 लोगों की मौत हो गयी जिसमें महिलाओं और बच्चों की संख्या सात थी. इसमें से तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोडा। हादसे के समय शोभा यात्रा में शामिल लोगों में चीख पुकार मच गयी. यह घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभालने का मौका ही नहीं मिला। घटना पर मुख्यमंत्री नितीश कुमार शोक जताया है.
भूमिया बाबा’ की पूजा करने जमा हुए थे लोग
जानकारी के मुताबिक वैशाली जिले के सुल्तानपुर गाँव में यह हादसा उस समय हुआ जब रात करीब नौ बजे स्थानीय देवता ‘भूमिया बाबा’ की पूजा करने के लिए लोगों की भीड़ एक ‘पीपल’ के पेड़ के सामने इकठ्ठा थी. पुलिस के मुताबिक किशादियों से जुड़े रिवाज के तहत शोभा यात्रा निकाली गई थी. तभी महनार-हाजीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक लोगों पर चढ़ता चला गया, घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई, अपनों की लाशें देखकर लोगों ने गुस्से में नारेबाजी शुरू कर दी, बता दें कि घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
बिहार सरकार मृतकों के परिवारों को देगी 5-5 लाख रू० अनुग्रह अनुदान
इस दिल दहलाने वाले हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय से वैशाली की दुखद दुर्घटना पर ट्वीट आया है. ट्वीट में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना और ईश्वर से घायल लोगों को शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गयी है. इसके अलावा मृतकों के परिवारों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गयी है वहीँ घायलों को 50 हजार रुपये दिये जाएंगे. वहीँ बिहार सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रू० अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।

