- स्कूल के लेडिज टाॅयलेट में कैमरे लगवाने के मामले में हुई कार्रवाई
मेरठ। Rishabh Academy के लेडिज टाॅयलेट में कैमरे लगवाने के आरोप के मामले में पुलिस ने आज स्कूल संचालक रंजीत जैन के बेटे अभिनव जैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रंजीत जैन की तलाश में दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
सोमवार को Rishabh Academy में शिक्षक व स्कूल प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के दौरान जब शिक्षिकाओें ने महिला टाॅयलेट में कैमरे लगे होने का आरोप लगाया था। आरोप था की वह शिक्षिकाओं के अश्लील फोटो लेकर उन्हे ब्लैकमेल करते हैं। मंगलवार को एएसपी सदर बाजार इरज राजा और थाना सदर बाजार प्रभारी विजय कुमार गुप्ता मामले की जांच करने के लिये Rishabh Academy पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से मामले में पूछताछ की थी।
जिसके बाद एएसपी सदर बाजार इरज राजा ने स्कूल संचालक रंजीत जैन व उसके बेटे अभिनव जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी कर दिये। इसके साथ-साथ टायलेट मे कैमरे लगाने की जांच फारेंसिक विभाग से कराने की बात कही। वहीं बुधवार को सदर थाने पहुंच कर Rishabh Academy स्कूल के टीचर्स ने स्कूल संचालक पर उनके घर आकर धमकी देने का आरोप लगाया था। स्कूल शिक्षकों के समर्थन में कई स्वयंसेवी संगठन भी आगे आये और उन्होंने अधिकारियों को इस संदर्भ में ज्ञापन भी दिया। बुधवार देर शाम पुलिस ने Rishabh Academy स्कूल संचालक रंजीत जैन के बेटे अभिनव जैन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रंजीत जैन को पुलिस तलाश रही है।

