बस्ती: बस्ती में चर्चित ब्लॉक प्रमुख के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात बस्ती सदर से नवनिर्वाचित सपा (SP) विधायक महेंद्र नाथ यादव के आवास से ब्लॉक प्रमुख, उनकी पत्नी और उनके चार बच्चों को बरामद किया है। इन्हें चार माह पहले अगवा किया गया था। इस मामले में महेंद्र नाथ यादव के विरुद्ध अपहरण का केस भी दर्ज किया गया था।
बस्ती (Basti) के सपा जिलाध्यक्ष और बस्ती सदर से नवनिर्वाचित विधायक महेंद्रनाथ यादव (Mahendra Yadav) के विरुद्ध अपहरण के मामले में शिकंजा कस गया है। देर रात पुलिस ने जब दबिश दी, उस वक्त विधायक महेंद्रनाथ यादव आवास में मौजूद थे। उनके आवास पर कई थानों की पुलिस ने एक साथ दबिश दी थी।
दरअसल, प्रमुख के साले ने शुक्रवार रात में ही कलवारी थाने में केस दर्ज कराया था और इसी आधार पर पुलिस ने विधायक के आवास पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कलवारी कोतवाली पुरानी बस्ती और लालगंज थाने की पुलिस फोर्स शामिल रही। पुलिस टीम प्रमुख और उसकी पत्नी व बच्चों को लेकर रात में ही चली गई।
बता दें कि रामकुमार बीजेपी (BJP) के समर्थन से बहादुरपुर के प्रमुख बने थे और दो माह बाद ही सपा जिलाध्यक्ष ने उनको अपनी पार्टी में शामिल कराकर बीजेपी को तगड़ा झटका दिया था। सभी को लगा था कि प्रमुख ने अपनी इच्छा से पार्टी बदली है लेकिन, शुक्रवार रात में एक फोन ने पूरे खेल को उजागर कर दिया।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख ने शुक्रवार को मौका पाकर फोन से अपने बंधक बनाए जाने की जानकारी अपने साले को दी थी। इसी आधार पर साले ने कलवारी थाने में केस दर्ज कराया। मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ब्लॉक प्रमुख, उनकी पत्नी व बच्चों को विधायक आवास पर छापा मारकर बरामद कर लिया। अब सोमवार को सभी का अदालत में बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

