लंदन। ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट अब स्वास्थ्य अधिकारियों की फिर से चिंता बढ़ा रहा है। बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना के दो नए वैरिएंट BQ.1 व XBB की पहचान हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों वैरिएंट काफी संक्रामक हैं और तेजी से लोगों अपनी चपेट में ले रहे हैं। जिससे स्थिति काफी गंभीर हो रही है।
आंकड़ों की माने तो ब्रिटेन में BQ.1 वैरिएंट के 700 से अधिक और XBB वैरिएंट के 18 मामले अभी तक सामने आ चुके हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि मौजूदा वैक्सीन इन दोनों वैरिंएट को रोकने में नाकाम साबित हो रही हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ये भी बताया कि वे अभी इन वैरिएंट पर अध्ययन कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि सामने आए दोनों वैरिएंट ओमिक्रॉन के वंशज हैं और नवंबर के अंत तक ये वैरिएंट काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है और कहा है कि दोनों वैरिएंट नवंबर के अंत तक पूरे यूरोप और उत्तरी अमेरिका में नई लहर के रूप में सामने होंगे। बता दें, भारत में भी एक्सबीबी वैरिएंट का पता चला है।
जिसमें अधिकांश संक्रमण के मामले पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और तमिलनाडु में पाए गए है। इसके अलावा कर्नाटक, गुजरात और राजस्थान में कुछ मामलों का पता चला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी कि त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में एक्सबीबी वैरिएंट अपने चरम पर पहुंचेगा।
