देवबंद। आज देवबंद के ईदगाह मैदान में दो दिवसीय जमीयत उलेमा ए हिंद के इजलास का शुरूआती दिन है। इस इजलास में देश भर से करीब पांच हजार के आसपास जमीयत से जुड़े उलेमा भाग ले रहे हैं। जिसमें जमीयत देश के हालात और मुस्लिम उत्थान को लेकर मंथन करेगा। इजलास की शुरूआत दारुल उलूम मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी के भाषण से हुई। इस दौरान कासिम नोमानी ने कहा कि हिंदुस्तान एक ऐसा चमन है। जिसमें हर धर्म, नजरिया व संस्कृति के लोग आपस में प्यार मोहब्बत से रहते हैं। लेकिन आज इस समय एक अजीब सा माहौल देश में बनाकर देशवासियों को बांटने का षड्यंत्र किया जा रहा है। जो देश की तरक्की के लिए काफी नुकसानदायक है। उन्होंने इजलास में आए मुस्लिम उलेमाओं से आह्वान किया कि वे अमन भाईचारे, मुस्लिम शिक्षा समेत जो भी प्रस्ताव आए, उनको संजीदगी से काम करने का संकल्प लेना चाहिए।
Also read: जमीयत का दो दिवसीय इजलास आज से, ज्ञानवापी और मथुरा पर होगी चर्चा
इजलास में दारुल उलूम के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना सलमान बिजनौरी ने कहा कि देश में नफरत का दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने इसको रोकने के लिए कार्य करने का प्रस्ताव भी रखा। जमीयत के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत मौलाना कारी उस्मान मंसूरपुरी के पुत्र एवं दारुल उलूम के उस्ताद मुफ्ती सलमान मंसूरपुरी, मौलाना शमसुद्दीन और मुफ्ती हबीबुर्रहमान इलाहाबाद ने इस्लामोफोबिया की रोकथाम को कार्य करने का प्रस्ताव इजलास में रखा।
Also read: सलमा बनाती है राधा की चुनरी, जन्माष्टमी पर मुस्लिम करते हैं भंडारा
दो दिवसीय इजलास की शुरूआत आज सुबह 9 बजे हुई। बता दें कि देश और मिल्लत के मुद्दों और समस्याओं को लेकर देवबंद के ईदगाह मैदान में जमीयत उलमा ए हिंद का दो दिवसीय इजलास आज शुरू हुआ है। इस इजलास में देशभर के उलेमा और जमीयत के गवर्निग बॉडी के सदस्य शामिल हो रहे हैं। इजलास का शुभारंभ जमीअत उलमा हिंद का झंडा लहरा कर किया। इसके बाद तिलवात ए कुरान पाक दारूल उलूम देवबंद उस्ताद कारी अब्दुल रऊफ ने की और नात पाक मशहूर शायर कारी अहसान मोहसिन ने पेश की।

