Gujarat Chunavi Dangal – अंदाज़ा तो 18 मई से पहले ही हो गया था, जब हार्दिक पटेल ने कांग्रेस पार्टी का हाथ झटककर खुद को अलग कर लिया था, कि उनको अब भगवा रंग पसंद आने लगा है, अब उन अटकलों और चर्चाओं पर मोहर भी लग गयी है. हार्दिक पटेल की तरफ से अब साफ़ कर दिया गया है कि वह कब सत्ताधारी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं. हार्दिक ने एक न्यूज़ एजेंसी से इस बात की पुष्टि की है कि वह 2 जून को भाजपा ज्वाइन करेंगे.
हार्दिक पटेल के इस फैसले से किसी को भी हैरत नहीं है, पाटीदार समुदाय के प्रभावशाली नेता पिछले कई महीनों से लगातार इस बात का संकेत दे रहे थे कि वह कांग्रेस का साथ किसी भी पल छोड़ सकते हैं. फिर उन्होंने 18 मई को ढेर सारे आरोप लगाकर कर हाथ का साथ छोड़ दिया, इसके बाद इस बात की लगातार चर्चा थी कि वह भगवा ब्रिगेड का हिस्सा कब बनेंगे, हालाँकि इस बारे में वो पिछले दो हफ़्तों से गोलमोल जवाब दे रहे थे. उनके बयानों में जहाँ भाजपा और मोदी जी की शान में कसीदे होते थे वहीँ आम आदमी पार्टी को भी स्पष्ट विचारों वाली पार्टी बताया जा रहा था.
हार्दिक भाजपा में जाने के सवाल पर सीधा जवाब तो नहीं देते थे लेकिन उनके संकेत ऐसे ज़रूर होते थे कि वह देर सबेर भाजपा में जा सकते हैं. पिछले दिनों उन्होंने कहा भी था कि मेरे पिता जी के भाजपा से बहुत अच्छे सम्बन्ध थे, इस नाते उनके भी भाजपा से सम्बन्ध बनते हैं. कल जब उन्होंने मूसावाला हत्याकांड पर AAP को घेरा तो ज़ाहिर हो गया था कि हार्दिक भाजपा में ही जायेंगे और अब उन्होंने सारी अटकलों पर विराम लगाकर जोइनिंग की तारिख भी बता दी है.
हार्दिक ने पिछले दिनों कहा था कि अगले विधानसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं, अब जबकि वह भाजपाई होने वाले हैं तो देखना होगा कि भगवा पार्टी उनके महत्व का किस तरह से इस्तेमाल करेगी या फिर चुनाव बाद वो भी भाजपा की भीड़ में कहीं गुम हो जायेंगे।

