टोक्यो। राजधानी टोक्यो में पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार का विरोध हो रहा है। ऐसे ही विरोध भीड़ से आगे आकर एक युवक ने प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने खुद को आग लगा ली। इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दो पुलिस अधिकारी युवक को बचाने की कोशिश करने लगे लेकिन दोनों पुलिस अधिकारी आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया है। बता दें जापान सरकार ने 27 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का राजकीय अंतिम संस्कार निर्धारित किया है।
टोक्यो में हुई घटना के बारे में फिलहाल अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रधानमंत्री कार्यालय ने अब इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। वहीं स्थानीय टीवी असाही ने जानकारी देते हुए बताया कि उस युवक ने पुलिस को यह बताने के बाद खुद को आग लगाई कि वह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार की योजना का विरोध करने के लिए ऐसा कदम उठा रहा है।
इस समय देश की आधी आबादी शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार का विरोध कर रही है। हालांकि जापान में राजकीय अंतिम संस्कार दुर्लभ है। इसी निर्णय पर अब पूरे जापान में विवाद हो रहा है। देश की आधी जनता ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। जिसके कारण प्रदर्शन हो रहे हैं। आबे को गत 8 जुलाई को जापानी शहर नारा में प्रचार भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी। 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी ने पीछे से राजनेता शिंजो आबे के पास जाकर करीब 10 मीटर की दूरी से दो गोलियां मारी थी। जिसके बाद आबे की जान चली गई थी।

