ऑस्कर विनिंग म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान का कहना है कि एक गैंग है जो उनके बारे में अफवाहें फैला रहा है। उनके बारे में ऐसी खबरें फैलाई जा रही हैं कि बॉलिवुड इंडस्ट्री में उन्हें काम नहीं दिया जा रहा है। बताते चलें कि एआर रहमान ने सुशांत सिंह राजपूत की लास्ट फिल्म ‘दिल बेचारा’ का म्यूजिक कंपोज किया है।
एआर रहमान ने कहा, ‘मैं अच्छी फिल्मों को मना नहीं करता हूं लेकिन मुझे लगता है कि कोई गैंग है जो गलतफहमी के चलते गलत खबरें फैला रहा है। मुकेश छाबड़ा मेरे पास आए थे और मैंने उन्हें दो दिन में गाना तैयार करके दिया।’ मुकेश छाबड़ा ने मुझसे कहा, ‘सर न जाने कितने लोगों ने कहा कि एआर रहमान के पास मत जाइए और उन्होंने मुझे कहानियों पर कहानियां सुनाई।’
एआर रहमान ने कहा, ‘मैंने मुकेश छाबड़ा की बातें सुनी और सोचा कि ठीक है अब समझ गया हूं कि मुझे कम काम क्यों मिल रहा है और अच्छी फिल्में मेरे पास क्यों नहीं आ पाती हैं। मैं डार्क फिल्में करता हूं क्योंकि एक पूरा ग्रुप मेरे खिलाफ काम कर रहा है बिना सोचे समझे कि वो मेरा नुकसान ही कर रहे हैं।’
एआर रहमान ने आगे कहा, ‘लोग चाहते हैं कि मैं उनके लिए काम करूं लेकिन साथ ही वो लोग भी है जो नहीं चाहते कि मुझे काम मिले। लेकिन ठीक है, मैं तकदीर में विश्वास करता हूं और मैं मानता हूं कि सब कुछ आपके पास ईश्वर के जरिए आता है। इसलिए मैं अपनी फिल्में कर रहा हूं। लेकिन आप सभी का मेरे पास आने के लिए स्वागत है।’

