बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के खाते में इस समय 7-8 फिल्में हैं जिनमें से कुछ पूरी हो चुकी हैं और कुछ की शूटिंग अभी बाकी है। इन्हीं में से एक है मेडे (MayDay), जिसे अजय देवगन खुद डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे। मेडे की शूटिंग कोरोना की दूसरी लहर आने से पहले ही शुरू हुई थी और इन दिनों कोरोना की वजह से यह फिल्म बंद पड़ी हुई है। ऐसे में कई ट्रेड एक्सपर्ट मान रहे हैं कि अजय देवगन जल्द से जल्द मेडे को खत्म करते ही ओटीटी पर रिलीज कर सकते हैं क्योंकि कोरोना के हालात ठीक होते नहीं दिख रहे हैं।
ट्रेड एक्सपर्ट अक्षय राठी के अनुसार, ‘अगर आपको याद हो तो कुछ समय पहले अजय देवगन हैदराबाद गए थे। वहां उन्होंने रामोजी फिल्म सिटी में भुज की शूटिंग पूरी की और उसके बाद मेडे की शूटिंग शुरू कर दी। मेडे अगले साल गर्मियों में रिलीज होगी। मेकर्स के पास इसे रिलीज करने के लिए अभी काफी समय है।’
फिल्म की ओटीटी रिलीज के बारे में बात करें तो अक्षय राठी ने बताया है, ‘जी नहीं, यह फिल्म थिएटर में ही रिलीज होगी। मेकर्स इसे ओटीटी पर रिलीज नहीं करेंगे। यह फिल्म अगले साल आनी है अगर तब तक फिल्में रिलीज नहीं हुईं तो फिर कभी भी थिएटर नहीं खुल पाएंगे क्योंकि सभी सिनेमाघर मालिक कर्जे में डूब जाएंगे।’ बताते चलें कि अजय देवगन ने अब तक अपने करियर में यू मी और हम और शिवाय जैसी दो ही फिल्में बनाई हैं। मेडे उनके डायरेक्शन में बनने वाली तीसरी फिल्म है।

