चंडीगढ़: बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा और उनकी कंपनी ‘बीइंग ह्यूमन’ पर चंडीगढ़ के व्यापारी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. चंडीगढ़ की पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर सलमान खान, उनकी बहन और बीइंग ह्यूमन के कई अफसरों को समन भेजकर जवाब तलब किया है.
व्यापारी अरुण गुप्ता ने कहा है कि बीईग ह्यूमन कंपनी ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा में उनसे तीन करोड़ की लागत से शोरूम खुलवाया. शोरूम खुलवाने के लिए स्टाइल क्विंटेट जूलरी प्राइवेट लिमिटेड से एक अग्रीमेंट भी किया. लेकिन शोरूम खुलवाने के बाद उनको कोई मदद नहीं मिली. उनसे कहा गया था कि बीइंग ह्यूमन की जूलरी स्टोर से उनकी मदद की जाएगी, लेकिन वह स्टोर बंद पड़ा है जिसके वजह से उनको सामान की सप्लाई नहीं हो पाई है.
व्यापारी ने इलज़ाम लगाया है कि सलमान ने उन्हें बिग बॉस के सेट पर बुलाया और कंपनी खोले जाने पर उन्हें हर तरह की मदद उपलब्ध करने का वादा किया. उन्होंने चंडीगढ़ में शोरूम खुलने की बात भी कही थी. व्यापारी अरुण ने बताया कि सलमान खान ने कहा था कि वह शोरूम के उद्घाटन पर आएंगे लेकिन बाद में व्यस्तता के चलते नहीं आए.
वहीं इस पूरे मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने सलमान खान, उनकी बहन और बिंग ह्यूमन कंपनी के साथ ही स्टाइल क्विटेंट जूलरी प्राइवेट लिमिटेड के अफसरों को समन भेजे हैं और उनसे 10 दिन में जवाब मांगा गया है.

