राजस्थान के जालोर में पानी न मिलने से पांच साल की बच्ची की मौत
भाजपा ने बच्ची की मौत के लिये गहलौत सरकार को जिम्मेदार ठहराया
जालोर। 21वीं सदी के भारत में पानी न मिलने के कारण पांच साल की बच्ची की मौत हो गयी। वहीं उसकी नानी की हालत भी गंभीर है। बच्ची का पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टर्स का कहना है कि काफी समय से पानी न मिलने के कारण मासूम बच्ची को डिहाईड्रेशन हो गया जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। वहीं भाजपा ने राजस्थान की गहलौत सरकार को बच्ची की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
राजस्थान के जालोर में सुखी देवी अपने पीहर पाली के रायपुर से जालोर के रानीवाड़ा के लिए अपनी नातिन अंजली को लेकर निकली थी। पांच साल की मासूम अंजलि को छोटे रास्ते से लेकर नानी सुखी देवी करीब 20 किलोमीटर से अधिक पैदल चली लेकिन रास्ते में पानी नहीं मिला। भीषण गर्मी के कारण रोड़ा गांव में सुखी देवी औैर उनकी नातिन अंजलि बेहोश होकर गिर गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जालोर के अस्पताल पहुंचाया। लेकिन मासूम अंजली की मौत हो गई। वहीं नानी सुखीदेवी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टरों का कहना है कि लंबे समय से पानी नहीं मिलने से डिहाईड्रेशन हुआ जिससे अंजलि की मौत हो गई।
पानी न मिलने से बच्ची की मौत हो जाने पर भाजपा ने गहलौत सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट में लिखा, ‘9 घंटे तक पीने का पानी न मिलने के कारण हुई एक बच्ची की मृत्यु, बेहद शर्मनाक घटना है। इसके लिए राजस्थान सरकार जिम्मेदार है। सोनिया, राहुल, प्रियंका अब चुप क्यों हैं?’
वहीं बीजेपी प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौर ने भी ट्वीट कर कहा, ‘लगातार 9 घंटे तक पीने का पानी नहीं मिला। 6 साल की बच्ची, राजस्थान सरकार की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। एक ओर केंद्र सरकार, ‘हर घर जल’ के अंतर्गत, हजारों करोड़ रुपये स्वीकृत कर रही है, वहीं राजस्थान कांग्रेस सरकार पेयजल योजनाओं के क्रियान्वन में फिसड्डी साबित हुई है.’

