नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुए मर्डर केस में विवादित बयानों और ख़बरों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा की फटकार लगी है|
नड्डा ने दी चेतावनी
NDTV की खबर के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यूपी बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा को बलिया की घटना को लेकर फ़ोन किया था। नड्डा ने इस दौरान बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह के व्यवहार को लेकर चेतावनी देते हुए कड़ी आपत्ति की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूत्रों ने जानकारी दी है कि जेपी नड्डा ने कहा है कि बलिया घटना की जांच में वो किसी प्रकार का दखल देने की कोशिश ना करें, वर्ना पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
यूपी भाजपा अध्यक्ष के सामने भी हुई थी पेशी
इससे पहले यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के सामने भी बीते रविवार को विधायक सुरेंद्र सिंह की पेशी हुई थी। सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक की बयानबाजी पर नाराजगी जताई और कहा कि इससे पार्टी और सरकार की छवि खराब होती है। वहीं, सुरेंद्र सिंह ने भाजपा अध्यक्ष से कहा कि उन पर घटना के आरोपियों को बचाने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।

