अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय के पास एक निर्माणाधीन ईमारत की लिफ्ट टूटने से 7 मजदूरों की मौत की दर्दनाक घटना हुई है जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है. हादसे के फ़ौरन बाद पुलिस और फायरब्रिगेड का दस्ता घटना स्थल पर पहुँच गया , गंभीर रूप से घायल लोगों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. एस्पायर-2 की निर्माणाधीन बिल्डिंग में यह हादसा उस वक्त हुआ जब निर्माण कार्य में लिफ्ट का इस्तेमाल हो रहा था.
जानकारी के मुताबिक निर्माणाधीन 13 मंजिला इस बिल्डिंग मृतक सभी मजदूर आठवें फ्लोर पर लिफ्ट में मौजूद थे तभी लिफ्ट का केबल टूट गया जिसके बाद सभी नीचे आ गिरे और उनमें से सात मज़दूरों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक मजदूर की हालत काफी है. इस हादसे ने एक बार फिर ऊंची ऊंची इमारतों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर होने वाले इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस हादसे में जिन लोगों ने जान गंवाई है संजयभाई बाबूभाई नायक (20 साल), जगदीशभाई रमेशभाई नायक (21 साल), अश्विनभाई सोमभाई नायक (20 साल), मुकेश भरतभाई नायक (25 साल), राजमल सुरेशभाई खराडी (25 साल), पंकजभाई शंकरभाई खराडी (21 साल) की पहचान हो चुकी है. इतने बड़े हादसे और इतने लोगों की मौत के बाद सियासत होना भी लाज़मी है हालाँकि अभी तक इस पर किसी भी राजनीतिक दल का कोई बयान नहीं आया है.

