संगम नगरी में 15761 हो गये कोरोना एक्टिव केस
सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में भी नहीं मिल रहे बेड
प्रयागराज , जनपद प्रयागराज में रविवार को 1700 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50587 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 15761 हो गये हैं। आज 1153 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 34319 हो गया है। वहीं आज 15 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 507 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
प्रयागराज में पिछले साल पांच अप्रैल को कोरोना का पहला संक्रमित मिलने के बाद 17 अप्रैल को इसी मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आने के साथ ही जिला कोरोना मुक्त हो गया था। मगर अब कोरोना की दूसरी लहर ने जो रफ्तार पकड़ी है उसे थामने की राह सुझायी नहीं दे रही है। 13 अप्रैल के बाद से रोजाना दस से अधिक लोगों की मौत कोरोना के कारण हो रही है। 13 अप्रैल के बाद से ही प्रयागराज में सक्रमित मिलने के आंकड़ों में आई उछाल से कोरोना के कोप को रोकने का हर प्रयास नाकाम साबित होता दिख रहा है।
कोरोना मरीजों की बढ़़ती संख्या के कारण लोगों को उपचार देना भी संभव नहीं हो पा रहा है। काफी समय से कोरोना संक्रमितों की संख्या में हो रहे इजाफे को यदि प्रशासन गंभीरता से लेता तो हालात के मुताबिक इंतजार अवश्य करता। आज सरकारी से लेकर निजी अस्पताल तक में मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहा है। जीवन-मृत्यु पर किसी का वश नहीं है लेकिन अपनी या अपनों की जान बचाने का प्रयास करना प्रत्येक व्यक्ति का फर्ज भी है और अधिकार भी। लेकिन हालात का पूर्वानुमान लगाने में नाकाम प्रशासन की गलतियों की सजा लोगों को बिना उपचार के अपनी जान देकर चुकानी पड़़ रही है।

