इंजीनियरिंग कॉलेजों में हर वर्ष छात्र दाखिले का सपना संजोये रहते हैं, वहीं अब छात्रों और अभिभावकों के लिये एक राहत की खबर सामने आ रही है। बता दें कि केंद्र सरकार ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम में फीस स्लैब के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जहाँ इंजीनियरिंग कॉलेजों में डिग्री प्रोग्राम में दाखिले की फीस 79 हजार रुपये से लेकर 1.89 लाख रुपये सालाना निर्धारित की गयी है।
वहीं यह फीस स्लैब अखिल भारतीय तकनीकी परिषद (AICTE) के मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेजों में इंजीनियरिंग, डिजाइन, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रोग्राम में लागू होगी। इसके साथ ही इस फीस स्लैब में कॉलेज सुविधा समेत कम्प्यूटर लैब, शिक्षक, लाइब्रेरी आदि भी निर्धारित है, इसके साथ ही कॉलेजों को यह छूट होगी कि दूसरे, तीसरे व चौथे वर्ष लागू फीस में हर वर्ष 5 फीसद तक की बढ़ोतरी कर सकेंगे।
इसके बाबत AICTE के सचिव प्रो राजीव कुमार ने जानकारी देते हुये बताया कि इस फीस स्लैब को शिक्षा मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान की है, जोकि संस्था से मान्य देश के सभी कॉलेजों, डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी में लागू होगा। इसके साथ ही इसके बाबत इसी हफ्ते आधिकारिक सूचना जारी की जायेगी।

