ईरान से ट्रंप की जान को था खतरा! कैटरिंग ट्रक में छिपाकर पहुंचाया गया दूसरे विमान तक, रिपोर्ट में बड़ा दावा

इंटरनेशनलईरान से ट्रंप की जान को था खतरा! कैटरिंग ट्रक में छिपाकर...

Date:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने ईरान से मिली कथित धमकी के बाद ट्रंप की यात्रा योजना में गुपचुप तरीके से बदलाव किया गया था। उन्हें तुर्की के अंकारा एयरपोर्ट पर एक कैटरिंग ट्रक में छिपाकर छोटे अमेरिकी सैन्य विमान तक पहुंचाया गया, जिससे वह ब्रिटेन के लिए रवाना हुए।

‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा ऑपरेशन 8 जुलाई को हुआ था। उस समय अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ था और ट्रंप की सुरक्षा को लेकर चिंता थी।

पहले एयर फोर्स वन में सवार हुए ट्रंप

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप NATO समिट के लिए अंकारा गए थे। इस यात्रा के लिए उन्होंने कतर से मिले नए और अपग्रेड किए गए Boeing 747-8 विमान का इस्तेमाल किया था।

वापसी के समय ट्रंप पहले कैमरों के सामने पुराने ‘एयर फोर्स वन’ में सवार हुए। सार्वजनिक रूप से भी यही बताया गया था कि वह इसी विमान से ब्रिटेन जाएंगे।

लेकिन इसके बाद उनकी यात्रा योजना में गुप्त तरीके से बदलाव किया गया।

कैटरिंग ट्रक से दूसरे विमान तक पहुंचे

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप को पुराने एयर फोर्स वन से चुपचाप निकालकर एयरपोर्ट के एक कैटरिंग ट्रक में ले जाया गया। यही ट्रक उन्हें कुछ दूरी पर खड़े अमेरिकी वायु सेना के छोटे C-32A विमान तक लेकर गया।

इसके बाद ट्रंप C-32A विमान में सवार होकर ब्रिटेन के लिए रवाना हो गए। उनका विमान रात करीब 10:20 बजे ब्रिटेन पहुंचा।

पत्रकारों और अन्य कर्मचारियों को लेकर पुराना एयर फोर्स वन भी कुछ मिनट बाद ब्रिटेन पहुंच गया।

इस व्यवस्था का मकसद कथित तौर पर ऐसा दिखाना था कि ट्रंप पुराने एयर फोर्स वन में ही यात्रा कर रहे हैं।

वीडियो में भी दिखा कैटरिंग ट्रक

रिपोर्ट के मुताबिक, एक वीडियो में ट्रंप के पुराने एयर फोर्स वन में सवार होने के कुछ समय बाद एक कैटरिंग ट्रक को विमान से नीचे उतरते देखा गया। इसके बाद वही वाहन दूर खड़े C-32A विमान की ओर जाता दिखाई दिया।

इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी रखने वाले एक अमेरिकी अधिकारी और ट्रंप की यात्रा से परिचित एक अन्य व्यक्ति के हवाले से रिपोर्ट में ये दावे किए गए हैं।

ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कुछ और बताया था

उस समय ट्रंप ने कहा था कि वह अंकारा से ब्रिटेन के RAF मिल्डेनहॉल तक पुराने ‘बेबी ब्लू’ एयर फोर्स वन से यात्रा करेंगे। उन्होंने इसके पीछे पुरानी यादों को ताजा करने की बात कही थी।

उन्होंने यह भी कहा था कि नया तैयार किया गया विमान उसी बेस पर रुकेगा, ताकि वहां मौजूद अमेरिकी सैनिक उसे देख सकें।

अब सामने आई रिपोर्ट ने विमान बदलने की इस घटना के पीछे सुरक्षा से जुड़ी एक अलग वजह बताई है।

नए विमान के सुरक्षा फीचर्स पर भी उठे थे सवाल

इससे पहले अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया था कि ईरान से मिले खतरे के कारण ट्रंप कतर से मिले नए विमान से तुर्की से रवाना नहीं हुए थे।

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पहले बताया था कि नए विमान में पुराने एयर फोर्स वन में मौजूद कुछ सुरक्षा फीचर्स, जैसे एंटी-मिसाइल डिफेंस, नहीं थे।

अंकारा से रवाना हुए पुराने एयर फोर्स वन में मौजूद पत्रकारों को भी विमान की खिड़कियों के पर्दे नीचे रखने के निर्देश दिए गए थे।

ब्रिटेन पहुंचने के बाद ट्रंप को बड़े एयर फोर्स वन से बाहर निकलते और फिर नए अपग्रेड किए गए विमान की ओर जाते हुए देखा गया। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक यह साफ नहीं है कि ट्रंप को वापस बड़े विमान तक कैसे पहुंचाया गया।

व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

इस गुप्त उड़ान के बारे में व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवन चेउंग ने कहा कि नया एयर फोर्स वन आधुनिक विमान है और उसमें राष्ट्रपति और उनके स्टाफ की सुरक्षा के लिए उच्च स्तर के सुरक्षा प्रोटोकॉल मौजूद हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के कई दुश्मन राष्ट्रपति पर नजर रखते हैं और ऐसे खतरों से निपटने के लिए उपलब्ध सभी साधनों का इस्तेमाल किया जाता है।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related