राहुल ने महाराष्ट्र में चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर फिर उठाये सवाल, कहाँ से आये नए वोटर?

पॉलिटिक्सराहुल ने महाराष्ट्र में चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर फिर उठाये सवाल,...

Date:

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को पिछले साल महाराष्ट्र चुनाव के दौरान “गलत काम” करने के अपने आरोपों को एकबार फिर दोहराया और कहा कि विपक्ष को मतदाता सूची में कई विसंगतियां मिली हैं। नई दिल्ली में एक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा को लोकसभा चुनावों में 1.19 लाख वोट मिले और विधानसभा चुनावों में 1.75 लाख वोट मिले, उन्होंने कहा कि राज्य में जो 35,000 नए मतदाता जुड़े हैं, उनमें से अधिकांश ने भगवा पार्टी को वोट दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 2024 में महाराष्ट्र की मतदाता सूची राज्य की पूरी वयस्क आबादी से ज़्यादा है।

राहुल ने मांग की कि चुनाव आयोग को लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों की महाराष्ट्र मतदाता सूची सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, “हमें लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची की ज़रूरत है ताकि यह पता चल सके कि ये नए अतिरिक्त मतदाता कौन हैं। हम यह भी समझना चाहते हैं कि इतने सारे मतदाता कैसे हटाए गए और एक बूथ से दूसरे बूथ पर मतदाता क्यों स्थानांतरित किए गए – उनमें से ज़्यादातर एससी/एसटी मतदाता थे।”

राहुल गाँधी ने कहा कि चुनाव आयोग ने उनके अनुरोध का जवाब नहीं दिया है, इसका एकमात्र कारण यह है कि चुनाव प्रक्रिया में कुछ गड़बड़ियाँ हुई हैं। उन्होंने कामठी निर्वाचन क्षेत्र का उदाहरण दिया, जहां भाजपा की जीत का अंतर नए मतदाताओं की संख्या के लगभग बराबर है।

इससे पहले, लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए राहुल ने महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों पर संदेह जताया था। राहुल गांधी ने कहा, “लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र की मतदाता सूची में लगभग 70 लाख नए मतदाता जुड़े। यह हिमाचल प्रदेश की आबादी के बराबर है। शिरडी की एक इमारत में 7,000 से अधिक मतदाता जुड़े। इस सब में कुछ गड़बड़ है।”

पिछले साल हुए महाराष्ट्र चुनावों में, भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति 288 में से 235 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी। भाजपा ने अकेले 132 सीटें जीतीं और कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (यूबीटी) के महा विकास अघाड़ी को धूल चटाई।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related