सत्तारूढ़ भाजपा पर ताजा हमला करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को भगवा पार्टी पर देश के हर कोने में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पतंगराव कदम को श्रद्धांजलि देने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा, “भाजपा देश के हर कोने में नफरत फैला रही है। यह कोई नई बात नहीं है, वे लंबे समय से ऐसा करते आ रहे हैं। विचारधाराओं की यह लड़ाई पुरानी है। आज यह लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच है।”
हाल ही में राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा कि कुछ दिन पहले, छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति यहाँ गिर गई थी. इसके बाद नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि मैं शिवाजी महाराज से माफ़ी माँगता हूँ. माफ़ी माँगने के अलग-अलग कारण हो सकते हैं. राहुल ने कहा, हो सकता है कि इस मूर्ति का ठेका आरएसएस के किसी व्यक्ति को दिया गया हो इसलिए प्रधानमंत्री माफ़ी मांग रहे हों. हो सकता है पीएम यह कह रहे हों कि मुझे योग्यता के आधार पर ठेका देना चाहिए था, इसलिए माफ़ी मांग रहे हों. हो सकता है कि मूर्ति बनाने में भ्रष्टाचार हुआ हो इसलिए पीएम मोदी माफ़ी माँग रहे हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि माफी तब मांगी जाती है जब आप गलती करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को केवल शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने की घटना के लिए बल्कि किसान विरोधी विधेयकों, नोटबंदी और जीएसटी के लिए भी माफी मांगनी चाहिए।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाँधी ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। वे हर विभाग में अपने लोगों को रखना चाहते हैं। आज भारत में केवल एक ही तरह की योग्यता है। अगर आप आरएसएस से हैं तो आप योग्य हैं। अगर आप आरएसएस से नहीं हैं, तो आपके लिए कोई जगह नहीं है.
अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हम कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले, लाखों लोग हमारे साथ थे। हमारा एकमात्र लक्ष्य ‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान’ खोलना था क्योंकि हमें नफ़रत का भारत नहीं चाहिए. हमें मोहब्बत का भारत चाहिए.’

