टिकट बांटने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती भी चुनावी अभियान में उतर पड़ी हैं, आज उन्होंने आगरा में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया और पहली ही सभा में उन्होंने चुनाव आयोग और EVM को कटघरे में खड़ा कर दिया। मायावती ने कहा कि अगर निष्पक्ष चुनाव हुआ और EVM मशीन ठीक रहीं तो मोदी जी को कोई जुमलेबाज़ी काम नहीं आएगी, भाजपा ने सपनों की जो दुनिया बनाई है वो ढह जाएगी।
मायावती ने कहा बसपा सरकार में कभी भी साम्प्रदायिक माहौल नहीं बिगड़ा,लेकिन विरोधी पार्टियों ने उत्तरप्रदेश में साम्प्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का काम किया है. जब अयोध्या का फैसला आना था तब पूरा देश बंद था लेकिन उत्तरप्रदेश में बीएसपी की सरकार में सब खुला रहा था और कोई दंगा भी नहीं हुआ था | बसपा सरकार में कानून द्वारा कानून का राज चलता था, भाजपा की तरह हमें कानून चलाने के लिए बुलडोज़र चलाने की जरुरत नहीं पड़ी |
पांच किलो राशन पर प्रहार करते हुए मायावती ने कहा कि ये कहते हैं कि मुफ्त राशन देते हैं, ये राशन जनता के दिए गए टैक्स से आता है, इसमें भाजपा का कोई एहसान नहीं, सरकार का कोई एहसान नहीं। पांच किलो राशन लेकर आप लोग सोचते हो कि आप लोगों ने भाजपा का नमक खा लिया है, ये भाजपा का नमक नहीं आपका नमक है, इसलिए भाजपा के राशन वाले बहकावे में मत आओ.
मायावती ने कहा कि हमने हर समाज को चुनाव में हिस्सेदारी दी है, आगरा से जाटव उम्मीदवार उतारा है, फतेहपुर सीकरी से ब्राह्मण समुदाय का प्रत्याशी उतारा है वहीँ हाथरस से अनुसूचित जाति को भागीदार दी है.

