देश में सोने का भाव इस समय 6,300 रुपये प्रति ग्राम के करीब है लेकिन सरकार अगले सोमवार यानि 12 फरवरी से आपको कम रेट में सोना खरीदने का मौका दे रही है। सोमवार से सरकार की सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की नई किस्त लांच हो रही है और इस क़िस्त के लिए कीमत 6,263 रुपये प्रति ग्राम तय की है, यानि मार्केट प्राइस से एक हज़ार रूपये कम। सरकारी गोल्ड बॉन्ड योजना 2023-24 सीरीज चार 12 फरवरी से 16 फरवरी तक खुली रहेगी। ऑनलाइन आवेदन करने वाले और डिजिटल माध्यम से भुगतान करने वालों को इश्यू प्राइस पर 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का फैसला किया है। जिसका मतलब ऑनलाइन निवेशकों के लिए गोल्ड बॉन्ड का इश्यू प्राइस 6,213 रुपये होगा।
स्मॉल फाइनेंस बैंक्स, पेमेंट बैंक्स और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को छोड़कर एसजीबी को शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SHCIL), भारतीय निपटान निगम लिमिटेड (CCIL), नामित डाकघरों, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड और बीएसई लिमिटेड के माध्यम से बेचा जाएगा। SGB निवासी व्यक्तियों, अविभाजित हिंदू परिवार, न्यासों, विश्वविद्यालयों और धर्मार्थ संस्थाओं को ही बेचे जा सकते है। बता दें कि सोने की भौतिक मांग को कम करने के इरादे से नवंबर 2015 में सरकार गोल्ड बॉन्ड योजना लायी थी।
ऑनलाइन सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड खरीदने के लिए आपको सबसे पहले अपने इंटरनेट बैंकिंग खाते को लॉग इन करना होगा, इसके बाद मुख्य मेनू पर जाएं, ‘ई-सेवा’ चुनें और ‘सोवरेन गोल्ड बॉन्ड’ पर क्लिक करें। यदि आप एक नए ग्राहक हैं, तो ‘रजिस्टर’ पर क्लिक करें। आगे बढ़ने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित नियम और शर्तों को पढ़ें और स्वीकार करें। एसजीबी योजना से संबंधित सभी आवश्यक विवरण दर्ज करें और अपने डीमैट खाते के आधार पर सीडीएसएल या एनएसडीएल से जमापत्र भागीदार के बारे में जानकारी प्रदान करें। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म को सबमिट कर दें। रजिस्ट्रेशन के बाद या तो हेडर लिंक/सेक्शन से खरीद विकल्प चुनें या सीधे ‘खरीदें’ पर क्लिक करें। सब्सक्रिप्शन क्वांटिटी और नॉमिनी की जानकारी दर्ज करें और इसके बाद अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी को दर्ज करें।

