सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी ने बिजली खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ये डील 1,799 मेगावाट सौर ऊर्जा की आपूर्ति के लिए हुई है। सोमवार को अडानी ग्रीन एनर्जी ने जारी एक बयान में कहा कि इस डील पर हस्ताक्षर के साथ ही कंपनी ने 8,000 मेगावाट के Manufacturing-Linked Solar Tender के तहत बिजली आपूर्ति का समझौता पूरा कर लिया है। अडानी ग्रीन एनर्जी को जून, 2020 में सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से यह कॉन्ट्रैक्ट मिला था।
अडानी ग्रीन एनर्जी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अमित सिंह के मुताबिक अडानी ग्रीन एनर्जी न केवल देश में कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ी है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण में भी अपना योगदान दे रही है। अमित सिंह ने कहा कि हमें सबसे बड़े ग्रीन पावर प्रोजेक्ट एग्रीमेंट को पूरा करने और एक भरोसेमंद ऊर्जा परिदृश्य को साकार करने में खुशी हो रही है। भारत के साल 2030 तक 5000 मेगावॉट ग्रीन फ्यूल कैपेसिटी हासिल करने के लक्ष्य के अनुरूप अडानी ग्रीन 45 गीगावाट से अधिक Renewable energy उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। यह अडानी ग्रीन एनर्जी की मौजूदा परिचालन क्षमता का पांच गुना है।
अडानी ग्रीन एनर्जी ने सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की विनिर्माण से जुड़ी सौर पीवी निविदा की प्रतिबद्धताओं को पूरा किया है। इसमें दो हज़ार मेगा वाट क्षमता के फोटो वोल्टिक सेल और मॉड्यूल विनिर्माण सुविधाएं स्थापित करना शामिल है। अडानी ग्रीन पहले ही अपनी सहयोगी कंपनी मुंद्रा सोलर एनर्जी लिमिटेड के माध्यम से दो हज़ार मेगावाट सालाना क्षमता वाला एक सोलर फोटो वोल्टिक सेल और मॉड्यूल विनिर्माण कारखाना गुजरात के मुंद्रा में शुरू कर चुकी है।

