लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव ने आज कहा कि राजनैतिक परिपक्वता की कमी के कारण समाजवादी पार्टी कमजोर हो गई है। तमाम वरिष्ठ नेता सपा को छोड़कर जा रहे हैं। पार्टी कार्यालय पर बातचीत करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि जब वो समाजवादी पार्टी के विधायक हैं तो विधायक दल की बैठक में उनको बुलाया जाना चाहिए और राय जाननी चाहिए थी लेकिन पार्टी अध्यक्ष ने ऐसा नहीं किया। उनको जहां भी बुलाया गया वो गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के एनडीए प्रत्याशी ने उनसे वोट मांगा है जबकि विपक्ष के उम्मीदवार ने वोट तक नहीं मांगा। शिवपाल ने कहा कि राष्ट्रपति के चुनाव में न तो हमें समाजवादी पार्टी ने बुलाया और न ही वोट मांगा। पिछले राष्ट्रपति चुनाव में उस समय रामनाथ कोविंद जी ने वोट मांगा तो हमने दिया। कल उनको मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलाया तो वो वहां गए और द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
Read also: अमरनाथ हादसा: हैंड हेल्ड थर्मल इमेजर और नाइट विजन के जरिए चटटान के नीचे तलाशे जा रहे लोग
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि कोई पार्टी कमरे में बैठकर नहीं चलाई जाती। पार्टी चलाने के लिए संघर्ष के अलावा कार्यकर्ताओं के विश्वास की जरूरत होती है। जब तक कार्यकर्ताओं में भरोसा नहीं होगा कि उसका नेता कमांडर की तरह उसके साथ खड़ा रहेगा और हर मुसीबत को झेलने के लिए तैयार है तब तक कार्यकर्ता बयानबाजी कर सकते हैं संघर्ष नहीं। कुछ ऐसी ही हालत इस समय समाजवादी पार्टी के है।

