मेरठ में 39 नए मरीज, एक ही परिवार के दस सदस्य कोरोना पॉजिटिव
मेरठ। बृहस्पतिवार रात 8:00 बजे के बाद सड़कों पर निकलने वालों पर कार्रवाई होगी। डीएम अनिल ढींगरा के आदेशों के बाद जिले की पुलिस सक्रिय हो गई है। मेरठ मे कोरोना के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा रात्रि कर्फ्यू की समय अवधि को बढ़ा दिया गया है। जिसके चलते अब रात्रि 8:00 बजे के बाद और सुबह 6:00 बजे से पहले सड़कों पर बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इससे पहले यह अवधि रात्रि 9:00 बजे से प्रात: 5:00 बजे तक की थी।
बता दें कि मेरठ में बृहस्पतिवार को 39 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इनमें मेरठ में एक ही परिवार के दस सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे आस-पास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं बुलंदशहर में गुरुवार को आई रिपोर्ट के अनुसार 15 नए संक्रमित मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई है। सहारनपुर में कोरोना के 8 नए मरीजों साथ यहां संक्रमितों की संख्या 355 हो गई है। वहीं बिजनौर में चार नये संक्रमितों की पुष्टि हुई है, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की चैन मजबूत होती दिखाई दे रही है।

