गंगा में गणेश मूर्तियों का विसर्जन नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने अपनाया कड़ा रुख

मेरठ रीजनगंगा में गणेश मूर्तियों का विसर्जन नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने...

Date:


गंगा में गणेश मूर्तियों का विसर्जन नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने अपनाया कड़ा रुख

गंगा तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर तैनात किए जाएंगे पुलिसकर्मी

हापुड़। गणेश भक्त अब गंगा में गणेश की मूर्ति का विसर्जन नहीं कर पाएंगे। तहसील प्रशासन ने इसे रोकने के लिए इस वर्ष विशेष तैयारी की है। गंगा में प्रदूषण रोकने और कोरोना संक्रमण के कारण लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने से रोकने के लिए प्रशासन ने उपरोक्त निर्णय लिया है।

गढ़मुक्तेश्वर के उपजिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर ने बताया कि गणेश चतुर्थी के बाद लोग अपने घरों में गणेश जी की मूर्ति रखकर पूजा कर रहे हैं। यह पूजा 31 अगस्त को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद लोग एक सिंतबर को गणेश जी की मूर्तियों का विसर्जन करेंगे। तहसील प्रशासन ने इन मूर्तियों का गंगा में विसर्जन नहीं करने देने की पूरी तैयारी कर ली है। एक सितंबर को गंगा की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। मूर्तियों के विसर्जन के लिए कई अन्य स्थानों पर व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के बाद गंगा में किए जाने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए काफी प्रयास किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कोरोना संक्रमण के कारण भी लोगों को सार्वजनिक स्थान पर एकत्र होने से रोकना आवश्यक है।

लोगों को विभिन्न माध्यमों से मूर्तियों का गंगा में विसर्जन नहीं करने की अपील भी की गई है। पुलिस को इस मामले में पूरी सख्ती बरतने के आदेश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने जिला प्रशासन को गंगा में प्रदूषण किए जाने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का कई वर्ष पहले आदेश दिया था। प्रशासन ने इस आदेश के बाद जनपद में गढ़मुक्तेश्वर में बह रही गंगा में किसी भी प्रकार प्रदूषण नहीं होने देने और विशेष रूप से किसी भी मूर्ति का विसर्जन नहीं करने देने का आदेश तहसील प्रशासन को दिया था।

इसके बाद गंगा में मूर्ति विर्सजन करने और अन्य किसी प्रकार की सामग्री डालने पर प्रतिबन्ध तो लगा दिया गया, लेकिन उसे सख्ती के साथ लागू नहीं किया जा सका। प्रतिबन्ध के बावजूद लोग चोरी-छिपे मूर्तियों का विसर्जन कर रहे थे, लेकिन अब तहसील प्रशासन से जिला प्रशासन के आदेश को सख्ती से लागू करने का निर्णय किया है।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related