मुजफ्फरनगर सीमा से चेतावाला पुल तक बनेगा 11 कि0मी0 लंबा पक्का बांध, राज्यमंत्री ने दिये परियोजना बनाने के निर्देश
राज्यमंत्री ने हस्तिनापुर खादर क्षेत्र में पक्का बांध व कटाव निरोधक कार्यों की परियोजना बनाकर शासन को भेजने के दिये निर्देश
मेरठ। जलशक्ति एवं सिंचाई राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख ने मंगलवार जनपद का दौरा कर सर्किट हाऊस में विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने जनपद में हस्तिनापुर खादर क्षेत्र में पक्का बांध बनवाने के लिए तथा कटाव निरोधक कार्यों के लिए परियोजना बनाकर शासन को भेजने के लिए निर्देशित किया ताकि उसकी स्वीकृति के संबधं में अग्रेत्तर कार्यवाही की जा सके। उन्होने अन्य विकास कार्यों व बाढ़ राहत कार्यों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा हस्तिनापुर में तटबंध बनवाने हेतु मांग पत्र भी मंत्री जी को दिया गया।
राज्यमंत्री जी के समक्ष सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि हस्तिनापुर खादर क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष जल स्तर बढ़ने पर कच्चा बांध जगह-जगह से टूट जाता है जिस कारण समीपवर्ती ग्रामों में जलस्तर बढ़ जाता है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी संबंध में एक मांग पत्र जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविन्दर सिंह द्वारा भी राज्यमंत्री जी को दिया गया। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि पक्का बांध बनवाने व कटाव निरोधक कार्यों के लिए परियोजना बनाकर शासन को भेजी जाये, जिसकी स्वीकृति आदि कार्य कराये जायेंगे।
राज्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। उन्होने फतेहपुर प्रेम ग्राम में कराये जा रहे कटाव निरोधक कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होने कहा कि ग्रामीणो को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जायेगी इसके लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे वह उठाये जायेंगें। उन्होने अधिकारियों से पूछा कि नहर से टेल तक पानी पहुंच रहा है या नहीं जिस पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि टेल तक पानी पहुंच रहा है।
राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव व उपचार के जो प्रयास उ0प्र0 सरकार द्वारा किये जा रहे है वह अनुकरणीय है तथा अन्य प्रदेशों में भी उ0प्र0 सरकार द्वारा लिये गये निर्णयों को लागू किया गया है। उन्होने आमजन से अपील की कि वह सोशल डिस्टेनसिंग का पालन करें, मॉस्क का उपयोग करें तथा समय-समय पर अपने हाथों को अवश्य धोये।
अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग पी0के0 जैन ने बताया कि पक्का बांध मुजफ्फरनगर सीमा से चेतावाला पुल तक होगा जिसकी अनुमानित लंबाई करीब 11 कि0मी0 होगी। इसकी परियोजना तथा कटाव निरोध कार्यों की परियोजना बनाकर शासन को भेजी जायेगी। उन्होने बताया कि फतेहपुर प्रेम ग्राम में 900 मी0 का कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है जिसकी लागत करीब 8 करोड रू0 है यह कार्य 35 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उन्होने बताया कि वर्तमान में अस्थायी/कच्चे बांध के क्षतिग्रस्त होने पर दो ग्रामों में थोडा जलस्तर बढ़ा जो कि धीरे-धीरे स्वत: कम हो रहा है। उन्होने बताया कि गंगा किनारें करीब 37 ग्राम है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविन्दर सिंह, एसीएम चन्द्रेश कुमार सिंह, मुख्य अभियंता सिंचाई प्रथम श्रेणी अनिल कुमार, मुख्य अभियंता गंगा महेश चन्द्र, अधीक्षण अभियंता वी0के0 मिश्रा, अमिताभ कुमार, अधिशासी अभियंता आशुतोष भारद्वाज, दू्रन कुमार, अधिशासी अभियंता टयूबवैल रमन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

