फलावदा क्षेत्र बड़े धमाके से फैली दहशत, कई घर क्षतिग्रस्त
मेरठ। महानगर के फलावदा क्षेत्र में देर शाम एक घर में हुए भयानक विस्फोट से कई घर क्षतिग्रस्त हो गये। हादसे में दो लोगों के मरने और दर्जनों के घायल होने की सूचना है। विस्फोट से गांव में दहशत फैल गई। वहीं पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक फलावदा क्षेत्र के गांव रसूलपुर में साबिर, एजाज,निसार, सलेक के मकान पास-पास ही बने हुए हैं। मंगलवार देर शाम निसार के मकान में अचानक भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट इस कदर भयावह था कि चारों मकानों की छतें तक उड़ गईं। भीषण विस्फोट में चारों परिवारों के कई लोग मलबे में ही दब गए।
विस्फोट के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीण हादसे के स्थान की ओर दौड़ पड़े। मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू करते ही लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे और भी लोग दबे हुए हैं जिन्हें निकालने का प्रयास पुलिस कर रही है।
अभी तक बताया जा रहा है कि हादसा निसार के घर में रखे गैस सिलेंडर के फटने से हुआ है। हालांकि पुलिस इस संबंध में कोई बयान नहीं दे रही है और फोरेंसिक टीम हादसे की जांच में जुट गयी है। पुलिस विस्फोट के पीछे हर संभव कारण को टटोल रही है। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

