रोजगार मेला में 1637 युवाओं को मिली नौकरी

मेरठ रीजनरोजगार मेला में 1637 युवाओं को मिली नौकरी

Date:


रोजगार मेला में 1637 युवाओं को मिली नौकरी

दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले ने छुए सफलता के नये आयाम

मेरठ। दो दिवसीय वृहद रोजगार मेला ने 1637 युवाओं को नौकरी का अवसर प्रदान कर सफलता के नये आयाम छुए। आज रोजगार मेला के दूसरे व अंतिम दिन 3098 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया जिनमें 675 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार पाकर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल गये। उन्होंने रोजगार मेला के आयोजन के लिये उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि सुश्री मेघा रूपम, अपर आयुक्त द्वारा मंच से युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किये।

आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर के विशाल परिसर में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन एवं आईआईएमटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 18 मार्च 2021 (तकनीकी रिक्ति) तथा 19 मार्च 2021 (गैर तकनीकी रिक्ति) हेतु वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया गया। आज रोजगार मेला के दूसरे व अंतिम दिन नौकरी पाने के लिये युवाओं की भीड़ सुबह से ही आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर पहुुंचने लगी थी। आज रोजगार मेले में 3098 युवाओें ने रजिस्ट्रेशन कराया। मेले में आयीं 35 कंपनियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिये। चयन प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद आज 675 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियो द्वारा किया गया। दो दिवसीय वृहद रोजगार मेला में कुल 1637 अभ्यर्थियों को नौकरी प्राप्त हुई।


रोजगार मेला के समापन समारोह को संबोधित करते हुए आईआईएमटी समूह के चेयरमैन योगेश मोहनजी गुप्ता ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिये क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन के कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले को संपन्न कराने के लिये दिन-रात एक करने वाले सरकारी अधिकारियों/कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों के साथ अपने बच्चों समान व्यवहार करते हुए उन्हें रोजगार दिलाने का सार्थक प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा यूपी से बेरोजगारी दूर करने के लिये विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाने से आज कंपनियां खुद युवाओं को तलाश रही हैं। उन्होंने भविष्य में आयोजित किये जाने वाले रोजगार मेले मे आईआईएमटी की ओर से पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

पीपी अत्रि, आईटीआई नोडल प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन मे कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रोजगार दिलाना होता है। इस लक्ष्य को पाने में यह रोजगार मेला पूर्णतया सफल हुआ है। उन्होंने रोजगार मेला आयोजन में सहयोग करने के लिये आईआईएमटी विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त किया।

शशिभूषण उपाध्याय, सहायक निदेशक, सेवायोजन कार्यालय ने कहा कि किसी भी युवा को मिला रोजगार उसके परिवार में खुशहाली लाता है। उन्होंने कहा कि युवा अपने शुरूआती दौर में कम वेतनमान पर नौकरी करने से परहेज न करें। क्योंकि निजी क्षेत्र में वेतनमान में त्वरित वृद्धि की आपार संभावनाएं होती हैं। उन्होंने युवाओं से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। उन्होंने निकट भविष्य में आईआईएमटी के साथ अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुश्री मेघा रूपम (आईएएस) अपर नगरायुक्त ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि देश को आगे ले जाने वाला युवा यहीं-कहीं खड़ा है। उन्होंने कहा कि आप कहीं भी और कैसी भी नौकरी करते हुए देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। मुख्य अतिथि ने कहा कि रोजगार मेले में आने, पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिये युवाओं को जागरूक करने के साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने रोजगार मेला के सफल आयोजन के लिये आईआईएमटी विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए सरकारी विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया।

रोजगार मेला के समापन समारोह के अंत में आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.मनोज कुमार मदान ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक प्रशि0/शिक्षि0, उदयवीर सिंह वरिष्ठ सहायक, विजय बहादुुर व संजीव जैन प्रधानाचार्य तथा सेवायोजन कार्यालय से विपिन कुमार सेवायोजन अधिकारी, राजीव सपरा प्रधान सहायक तथा आईआईएमटी से डायरेक्टर पीआर नीरज शर्मा व मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा का सहयोग रहा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related