बढ़ता जा रहा है जनपद में कोरोना संक्रमण का प्रसार
मेरठ। उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ में कोरोना संक्रमण का प्रसार दिनो-दिन तेज होता जा रहा है। रविवार को 91 नये कोरोना मरीज मिलने के बाद सोमवार को आंकड़ा 74 पर रूका तो थोड़ी राहत मिली। मगर मंगलवार ने कोरोना ने सेंचुरी मारी और जनपद में आज 108 नये कोरोना संक्रमित मिलने से दहशत फैल गयी। जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। वहीं आज मेरठ पुलिस ने अनेक जगहों पर अभियान चलाया और मास्क न पहनने वालों के चालान काटे।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार आज कुल 6128 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 108 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। राहत की बात यह है कि आज भी कोरोना से कोई मौत नहीं हुई और मरने वालों का आंकड़ा 410 पर ही टिका हुआ है। इस समय 368 लोग होम आईसोलेशन में हैं। आज 38 कोरोना संक्रमितों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 22289 हो गया है।
मंगलवार को जिले के गंगानगर, इंद्रा नगर, शास्त्रीनगर, जागृति विहार, फूलबाग काॅलोनी, अप्पू एंक्लेव कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित रहे। मगर इन इलाकों में भी लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। बिना मास्क लगाये लोग बेपरवाह घुम रहे हैं और बाजारों में लोगों की भीड़ जमा रहती है। ऐसे में कोरोना संक्रमण को लेकर बरती जा रही लापरवाही का बड़ा खामियाजा मेरठ वासियों को बंदिशों के रूप में उठाना पड़ सकता है।
पुलिस-प्रशासन ने चलाया अभियान, किया जागरूक
मेरठ में कोरोना संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिये पुलिस-प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी अजय साहनी के निर्देश पर पुलिस ने शहर के प्रमुख चैराहों और स्थलों पर जागरूकता और चेकिंग-चालान अभियान चलाया। वहीं व्यापारिक संगठनों ने भी बाजारों में लोगाें से कोरोना संक्रमण से बचाव करने के लिये मास्क पहनने और दूरी बनाये रखने की अपील करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित नवीन फल और सब्जी मंडी में व्यापारियों ने लाउडस्पीकर से अपील की के आढ़ती और सब्जी व्यापारी मंडी में आएं तो मास्क लगाकर आएं। कोरोना से बचाव के लिए सरकार और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें।

