शनिवार को मिले 1653 नये कोरोना संक्रमित
12 कोरोना संक्रमितों की मौत होने से बढ़ी चिंता
मेरठ। जनपद मेरठ में कोरोना संक्रमित मिलने का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में लगाये गये लाॅकडाउन का भी अभी तक कोई लाभ होता नहीं दिख रहा है। शनिवार को जिले में 1653 नये कोरोना संक्रमित मिले। वहीं आज भी 12 कोरोना संक्रमितों की मौत होने से स्वास्थ विभाग की चिंता बढ़ गयी हैं। न तो कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हो रही है और न ही मौतों के आंकड़ों में कमी आ रही है।
शनिवार को मेरठ जिले में 1653 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 54683 हो गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस अब 12650 हो गये हैं। आज 1623 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किये जाने के बाद कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 41462 हो गया है। वहीं आज 12 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 571 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मिलेगी राहत
मेरठ में ऑक्सीजन की कमी से सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को हो रही है जो होम आईसोलेशन में रहकर कोरोना का उपचार करा रहे हैं। ऐसे मरीजों की परेशानियों को दूर करने के लिये जिला प्रशासन ने मेरठ जिले में तीन सेंटर बनाये हैं जहां से होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के तीमारदारों को 24 से 48 घंटे में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। डीएम के बालाजी ने प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखकर आदेशित किया है। जिसके तहत दिल्ली रोड स्थित नवभारत विद्यापीठ इंटर काॅलेज, कंकरखेड़ा में डिफेंस एंक्लेव स्थित सामुदायिक केंद्र और शास्त्रीनगर बी ब्लाॅक स्थित सामुदायिक केंद्र में सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों पर कोरोना मरीजों के तीमारदार आधार कार्ड की फोटो स्टेट, डाॅक्टर का पर्चा, आॅक्सीजन सिचुएशन की रिपोर्ट और कोरोना टेस्ट रिपोर्ट दिखाते हुए ऑक्सीजन का खाली सिलेंडर जमा करा सकते हैं। 24 से 48 घंटे के भीतर इन्हीं सेंटरों से भरा हुआ ऑक्सीजन का सिलेंडर दे दिया जायेगा।

