कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर लोग खुद ही ले रहे हैं सैंपल
परिजन के सैंपल लेने से कोरोना रिपोर्ट पर उठ रहे सवाल
मेेरठ। जिला मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल काॅलेज अपने यहां भर्ती कोरोना मरीजों के इलाज में लापरवाही को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहता है। मगर यहां के कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर भी बड़ी लापरवाही दिखाई जा रही है। सेंटर पर कर्मचारी के मौजूद होने के बावजूद लोग अपने साथ आये व्यक्ति का खुद ही सैंपल ले रहे हैं। उचित प्रशिक्षण के बिना सैंपल लेने से कोरोना की जांच रिपोर्ट पर संदेह होना लाजमी है। कोरोेना की रोकथाम के लिये महत्वपूर्ण सैंपल की जांच में इतनी बड़ी लापरवाही संक्रमण को रोकने के प्रयासों को पलीता लगा रही है।
लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज में कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवती के साथ आये शख्स ने कर्मचारी के मौजूद होने के बावजूद खुद ही सैंपल ले लिया। इसके बाद वह कर्मचारी द्वारा दिये गये डब्बे में सैंपल रख कर चला गया। जबकि कोरोना जांच में महत्वपूर्ण सैंपल टेस्टिंग के लिये उचित प्रशिक्षण दिया जाता है। ऐसे में अप्रशिक्षित व्यक्ति के सैंपल लिये जाने से जांच रिपोर्ट पर सवाल उठ रहे हैं। इस तरह से सैंपल लिये जाने से जांच कराने आये व्यक्ति की जान को भी खतरा हो सकता है।
मेडिकल काॅलेज मेरठ के फ्लू ओपीडी के इंचार्ज डाॅक्टर वीपी सिंह का कहना है कि कोरोना जांच कराने आयीं कुछ महिलाएं और लड़कियां सैंपल देने मे ऐतराज करती हैं। इसीलिए उनके परिजन सैंपल लेकर दे देते हैं। लेकिन परिजनों को सैंपल लेने की अनुमति देना अभियान की सफलता और कोविड जांच रिपोर्ट पर संदेह पैदा करता है। कोरोना टेस्टिंग को लेकर जहां सरकार गंभीर है वहीं कर्मचारियों की यह लापरवाही सरकार के मंसूबों को पलीता लगा रही है।

