फैशनेबल मास्क से सुरक्षा भी स्टाईल भी

मेरठ रीजनफैशनेबल मास्क से सुरक्षा भी स्टाईल भी

Date:


फैशनेबल मास्क से सुरक्षा भी स्टाईल भी

मेडिकल स्टोर पर बिकने वाले मास्क अब बुटीक में हो रहे हैं तैयार
अपने कपड़ों से मिलते मास्क पहनने का युवतियों में बढ़ गया ट्रेंड

मेरठ। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिये आवश्यक मास्क अब फैशन का हिस्सा बन गया है। कंपनियों में तैयार होने वाला मास्क अब बुटिक में डिजाइन किया जा रहा है। अपने कपड़ों से मैचिंग करता मास्क पहनने वाली युवतियां अपनी पसंद के मास्क तैयार करा रही हैं। पिछले साल की शुरूआत तक सिर्फ मेडिकल स्टोर्स पर बिकने वाला मास्क अब शोरूमों में बिक रहा है। इन शोरूमों में अपने सूट और साड़ी के साथ मैचिंग मास्क तलाशती महिलाओं को मास्क उनकी पसंद का मिल जाये तो वह कीमत की परवाह भी नहीं करतीं।

कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। आज मास्क हमारे पहनावे का हिस्सा बन गया है। पुरुष जहां साधारण मास्क पहनते हैं वहीं महिलाओं ने मास्क को भी फैशन के रंग मंें ढाल लिया है। रंग-बिरंगे और अपने परिधान से मैच खाते मास्क खरीदने के लिये युवतियां और महिलाएं शोरूमों-दुकानों के चक्कर काटने से भी परहेज नहीं करतीं। जिस प्रकार मैचिंग कपड़ा या ज्वैलरी तलाशी जाती है उसी तरह से अपनी पसंद का मास्क भी ढूंढा जाता है।

डिजायनर मास्क के प्रति बढ़ती महिला वर्ग की दीवानगी को भुनाने में बाजार भी पीछे नहीं है। पहले जहां मास्क बिल्कुल साधारण हुआ करते थे वहीं अब मास्क को बुटिक में डिजाइन किया जाता है। बड़े शोरूमों से लेकर सड़क किनारे खड़े पटरी वालों के पास भी अनगिनत रंग और डिजाइन वाले मास्क उपलब्ध हैं। सूट व साड़ी की मैचिंग के मास्क से लेकर शादियों के लिए खास डिजाइन किये मास्क बाजार में बिक रहे हैं। वहीं अब चेहरे के फोटो युक्त मास्क भी बाजार में उपलब्ध हैं। फैशनेबल और डिजाइनर मास्क सिर्फ महिलाओं को ही नहीं बल्कि बच्चों की भी पसंद बन रहे हैं। महिलाओं के लिये चटक रंग वाले तो बच्चों के लिये कार्टून वाले मास्क बाजार में बिक रहे हैं।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related