- सीएम योगी करेंगे पैरालंपिक खिलाड़ियों का सम्मान
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पैरालिंपिक खेलों में भारत को 19 पदक दिलाने वाले 17 खिलाडियों और प्रदेश की ओर से इन खेलों में शामिल होने वाले 6 पैरा खिलाडियों को सम्मानित करने के लिये मेरठ के कृषि विवि मोदीपुरम पहुंच रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम योगी ने हेलीकाॅप्टर से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का कार्यक्रम रद्द करते हुए सड़क मार्ग से मेरठ पहुंचने का निर्णय लिया है। सीएम योगी गाजियाबाद से मेरठ के लिए रवाना हो चुके हैं। गाजियाबाद से मेरठ तक के मार्ग पर पुलिस अलर्ट मोड पर है। माना जा रहा है कि सीएम योगी 1 से 1.30 बजे के बीच कृषि विवि पहुंच सकते हैं।
Read also: यूपी में एक और जिले का बदलेगा नाम, सीएम योगी ने बदायूं के लिए वेदामऊ का दिया सुझाव
पैरालंपिक खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित किये जा रहे इस विशेष कार्यक्रम के लिये की गयी तैयारियों के चलते शहर की सड़कों पर अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। जगह-जगह पर लोग पैरालंपिक खिलाड़ियों पर पुष्प वर्षा कर देशभक्ति के गीतों पर नाचते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। शहर के प्रमुख चैराहे देश भक्ति के रंग में रंगे हुए हैं। वहीं सड़कों पर मौजूद देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत स्कूली छात्र भारत माता के जयकारे लगा कर आसमान तक गूंजा रहे हैं।
कृषि विवि मोदीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले 23 खिलाडियों समेत केवल 49 लोगों की बैठने की व्यवस्था मंच पर की गयी है। प्रदेश के सभी जनपदों से कुल 933 पैरा खिलाड़ी सम्मान समारोह का हिस्सा बनने के लिये कृषि विवि पहुंचे हैं। इन खिलाड़ियों में 840 पुरूष तथा 93 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। 44 खिलाड़ी व्हील चेयर पर ही बैठकर पहुंच पायेंगे जिनके लिये खास व्यवस्था की गयी है।
Read also: यूपी : सीएम योगी आज कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन को दिखाएंगे हरी झंडी
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिये मंच के साथ साथ 25 हजार क्षमता का पंडाल तैयार किया गया है। मंडल के कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह के निर्देशन में मेरठ के डीएम के बालाजी और एसएसपी प्रभाकर चैधरी ने कार्यक्रम की बागडोर खुद संभाल रखी है। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय खेल एव युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान के साथ प्रदेश सरकार के खेल, युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी के साथ कई मंत्री और सभी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

