हल्द्वानी। भाजपा से निकाले गए विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और देशराज कर्णवाल की पार्टी में वापसी के साथ ही प्रदेशभर में पार्टी से निष्कासित सैकड़ों नेताओं की घर वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। पार्टी ने ऐसे राज्य में 400 से अधिक नेताओं की लिस्ट तैयार भी कर ली है।
बताया जा रहा है कि इन सभी नेताओं का वनवास भाजपा के ‘दशरथ’ (भगत हल्द्वानी में ऊंचापुल स्थित रामलीला मेें वर्षों से राजा दशरथ का रोल अदा कर रहे हैं) यानी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर जल्द खत्म करवा सकते हैं। भाजपा ने प्रदेश में दूसरी पार्टियों की सक्रियता बढऩे के साथ ही मिशन 2022 के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में पार्टी से निकाले गए नेताओं की वापसी पर काम किया जा रहा है। विधायक चैंपियन और कर्णवाल की वापसी के साथ ही प्रदेशभर में भाजपा से निकाले गए 400 से अधिक नेताओं की वापसी के लिए प्रदेश नेतृत्व ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पार्टी से निकाले गए नेताओं की वापसी के लिए प्रकरण को जिला स्तरीय कमेटी व क्षेत्रीय विधायक की मंजूरी के बाद प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा। प्रदेश नेतृत्व उसमें पार्टी हाईकमान से मंजूरी लेगी। पार्टी हाईकमान से मंजूरी मिलते ही पार्टी से निकाले गए नेताओं की फिर से भाजपा में वापसी हो जाएगी।

