- एक्सप्रेस-वे के जुड़ने से लंबा सफर करने में लगेगा कम समय
- यूपी में चल रहा है तीन एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य
न्यूज डेस्क। किसी भी देश की अर्थवयवस्था को सृदृढ़ बनाने में यातायात मार्ग का महत्वपूर्ण स्थान होता है। वाहनों के चलने का मार्ग जितना सुगम होगाा देश उतना ही अधिक विकास करेगा। इसी उद्देश्य के साथ उत्तर प्रदेश में बनाये जा रहे एक्सप्रेस-वे पर निर्माण कार्य भी काफी तेजी के साथ चल रहा है। यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिये नित नयी योजनाएं बनायीं जा रही हैं। यदि सब कुछ योजनानुसार हुआ तो आने वाले समय में प्रयागराज से लेकर हरिद्वार तक का सफर एक्सप्रेस-वे के माध्यम से किया जा सकेगा।
यूपी में इस समय तीन एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। इन एक्सप्रेस-वे के बन जाने से उत्तर प्रदेश में विकास की गति और तीव्र होगी। वहीं सरकार की योजना है कि प्रयागराज से मेरठ बन रहे एक्सप्रेस वे को दिल्ली -देहरादून एक्सप्रेस-वे से जोड़ दिया जाएगा। जिससे प्रयागराज से हरिद्वार तक का सफर करना बेहद सुगम हो जायेगा। इसके लिये अध्ययन कराया जायेगा लेकिन यूपी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों की इस योजना को लेकर सहमति बन गयी है।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि इन परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। इन एक्सप्रेस-वे के बन जाने से न केवल यात्रियों का सफर आसान होगा बल्कि औद्योगिक व आर्थिक विकास होने के साथ रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। अवनीश अवस्थी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 64 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। अगले साल 26 जनवरी को इसका मुख्य कैरिजवे से खोल दिया जाएगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का काम 25 प्रतिशत हो गया है और इसको अगले साल दिवाली पर यात्रियों के लिये खोलने की योजना है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का काम भी चल रहा है।
आपस में जुड़ेंगे एक्सप्रेस-वे, लंबा सफर तय करना होगा आसान
सरकार की योजना गाजीपुर से आ रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लखनऊ में ही आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की है। वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे को भी इटावा के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यदि योजना कामयाब रही तो बुंदेलखंड से आने वाले लोग नोएडा व दिल्ली आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं पूर्वांचल से आने वाले यात्री तीन एक्सप्रेस-वे पर सफर करते हुए कम समय में दिल्ली पहुंच जाएंगे। प्रयागराज से वाराणसी तक एक्सप्रेस-वे बनने के बाद वाराणसी सीधे मेरठ तक जुड़ जाएगा और जब बलिया तक एक्सप्रेस-वे बनेगा तो बिहार बार्डर तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जुड़ जाएगा।

