उत्तराखंड पहुंचे पर्यटक देख खिले कारोबारियों के चेहरे
मसूरी के होटल 80 प्रतिशत तक बुुक, सड़कों पर जाम
देहरादून। नये साल आने की खुमारी में डूबे पर्यटकोें का उत्साह कोरोना के खौफ पर भारी पड़ गया। उत्तराखंड के मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश में पर्यटकों के आगमन से कारोबारियों के चेहरे खिल गये। प्रशासन द्वारा सामूहिक आयोजन पर रोक लगाये जाने से कारोबारियों को नुकसान होने का अंदेशा सता रहा था।
मगर पर्यटको की आवाजाही पर रोक न लगाये जाने पर सैलानियों का उत्साह चरम पर दिखा। पर्यटको की उमड़ी भीड़ के कारण राज्य के पर्यटन स्थलों पर जाम लगते रहे।
नया साल उत्तराखंड के पर्यटन कारोबार के लिये संजीवनी बन कर आ रहा है। नये साल पर पर्यटकों की उमड़ी भीड़ ने राज्य को गुलजार कर दिया है। कोरोना काल में पहली बार इतनी संख्या में पर्यटकों को देख कारोबारियों में भी नयी उमंग जाग गयी है। मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश में तो पर्यटक इतनी अधिक संख्या में पहुंचे की वाहनों के कारण सड़कें जाम रहीं।
पहाड़ों की रानी मसूरी में उम्मीद से अधिक पर्यटक उमड़े और यहां के होटल 80 प्रतिशत तक बुक हो गये। वहीं बात करें पिछले 24 घंटे की तो नैनीताल में 20 हजार और रामनगर में 13 हजार पर्यटक पहुंचे। वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश, मुक्तेश्वर और मुनस्यारी में भी पर्यटक काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
क्रिसमस पर होटल, बार व रेस्टोरेंट जहां पर्यटकों की राह देखते नजर आ रहे थे वहीं अब पर्यटक अपने रहने-खाने की जगह तलाशते नजर आ रहे हैं। पर्यटकों में सर्वाधिक संख्या दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से आये सैलानियों की है।
नये साल के आगमन ने लगभग 9 महीने से संक्रमण काल से गुजर रहे होटल- रेस्टोरेंट कारोबार को फिर से गुलजार कर दिया है। पर्यटकों के आगमन को देखकर कारोबारियों को उम्मीद है कि अभी नये साल तक पर्यटकों का आगमन जारी रहेगा।

