देहरादून। रुस और यूक्रेन युद्ध (Russia and Ukraine War) के बीच दिनों दिन यूक्रेन के भयावह होते हालातों के बीच आपरेशन गंगा के तहत 13 छात्र और अपने घर लौट आए हैं। अब तक उत्तराखंड में 53 छात्रों की अपने घर वापसी हो चुकी है। उत्तराखंड के यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राओं को वापस लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रयास तेज हो गए हैं। देर रात मंगलवार को और आज गुरुवार को 13 छात्र यूक्रेन से उत्तराखंड लौटे हैं। स्थानीय आयुक्त कार्यालय के कर्मचारियों ने यूक्रेन से सकुशल लौटे छात्रों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। प्रदेश में 53 छात्र अब तक वापस लौट चुके हैं। केंद्र सरकार को उत्तराखंड सरकार (Government of Uttarakhand) की ओर से 282 छात्रों की सूची सौंपी गई है। उत्तराखंड शासन की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार हरिद्वार के मोहम्मद अनास, देहरादून की ईशा रावत,नैनीताल की शैली और पिथौरागढ़ की तनुश्री देर रात नई दिल्ली हवाई अडडे पर पहुंची।
वहीं आज सुबह 9 एमबीबीएस छात्र और पहुंचे हैं। इनमें टिहरी से स्नेहा, शौर्य, मोहम्मद आबिद और हरिद्वार की कंचन, मानसी के अलावा चंपावत से ओसीन शामिल हैं। वहीं ऊधमसिंह नगर के शावेद अली व ऋतिक राजपूत भी भारत वापस लौटे हैं। ये सभी लोग अपने घर पहुंच गए हैं। छात्रों ने बताया कि यूक्रेन के हालात अधिक खराब हो रहे हैं। वहां पर दिनों दिन हालात भयावह होते जा रहे हैं। चारों ओर बम धमाके हो रहे हैं। कई रेलवे स्टेशन नष्ट कर दिए गए हैं।

