हरिद्वार। जिले के पथरी में जहरीली शराब कांड में अस्पताल में भर्ती दो और लोगों की आज सुबह मौत हो गई। जिन लोगों की आज सुबह मौत हुई है उनके नाम सूखा सिंह और देवेंद्र हैं। मौत के बार इनके परिवार में कोहराम मच गया है। दोनों युवकों को तबियत खराब होने के बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शराब पीने से अब तक 12 ग्रामीणों की मौत हो गई है। सूखा सिंह शराब पीने से मरने वाले इश्मपाल का भाई था। इश्मपाल की गत शुक्रवार को शराब पीने से मौत हुई थी। एक परिवार में जहरीली शराब से दो लोगों की मौत हो गई। पथरी थाना की शिवगढ़ ग्राम पंचायत में जहरीली शराब पीने से रविवार को तीन ग्रामीणों की मौत हो गई थी। शराब पीने से बीमार हुए दो ग्रामीणों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें से एक सूखा सिंह की हालत नाजुक थी। जिसकी आज सुबह सोमवार को मौत हो गई। वहीं दोपहर में देवेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। जहरीली शराब पीने से मृतकों की संख्या अब तक 12 हो गई है। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि रविवार को दो लोगों की मौत शराब पीने से हुई है।
पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की ओर से कच्ची शराब जमकर बांटी जा रही है। ऐथेनॉल की अत्यधिक मात्रा होने से ये शराब जहरीली हो जाती है।
शराब पीने से शिवगढ़ ग्राम पंचायत के फूलगढ़ और शिवगढ़ गांव में गत शुक्रवार को दो और शनिवार को पांच लोगों की मौत हुई थी। चार ग्रामीणों को खून की उल्टियां होने पर शनिवार की रात और रविवार सुबह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया था। रविवार सुबह तीन बजे रूप सिंह निवासी शिवगढ़ को खून की उल्टी हुई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। सुबह दस बजे रूप सिंह की मौत हो गई। अजय, करण पाल निवासी फूलगढ़ और सूखा सिंह निवासी शिवगढ़ को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर सूखा सिंह को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। सूखा सिंह जहरीली शराब पीने से मरने वाले इश्मपाल सिंह का भाई है। इन सभी को खून की उल्टियां हुईं थी और शुक्रवार को सभी ने ग्राम प्रधान प्रत्याशी की पति की ओर से बांटी शराब पी थी।

