नई दिल्ली: कोरोना महामारी के उफान के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव जारी हैं। चुनावी रैलियों में नेता से लेकर समर्थक तक सभी बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के भीड़ के रूप में जुट रहे हैं। इसको लेकर जब सवाल उठने लगे तो अब चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाते हुए चेतावनी दी है।
जारी की चेतावनी
शुक्रवार को चुनाव आयोग ने स्टार प्रचारकों और राजनीतिक नेताओं द्वारा प्रचार के दौरान मास्क नहीं पहनने की घटनाओं को संज्ञान में लिया है। आयोग ने कहा है कि जारी कोरोना दिशानिर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। साथ ही चेतावनी देते हुए चुनाव आयोग ने दलों और उनके नेताओं से कहा है कि उल्लंघन होने पर आयोग दोषी प्रत्याशियों, स्टार प्रचारकों या राजनीतिक नेताओं की जनसभाओं और रैलियों पर प्रतिबंध लगाने से भी परहेज नहीं करेगा।
सख्त कार्रवाई की बात
राजनीतिक दलों के नेताओं को लिखे पत्र में चुनाव आयोग ने कहा, “यह सर्वज्ञात है कि हाल के हफ्तों में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। लेकिन आयोग के संज्ञान में ऐसी घटनाएं आई हैं जहां चुनावी सभाओं या प्रचार के दौरान सोशल डिस्टेंस या मास्क की अनिवार्यता का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे रैलियों में आने वाले लोगों की जान को खतरा है। वो संक्रमित हो सकते हैं। इसे सख्ती से लेने की जरूरत है।

