लखनऊ। प्रदेश के विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण (Last phase of assembly elections) यानी सातवें चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। इसमें पीएम मोदी का गढ़ वाराणसी भी शामिल है। मतदान के शुरूआती दौर से ही कई स्थानों पर ईवीएम की खराबी के चलते मतदान की गति काफी धीमी है। हालात ये हैं कि सुबह नौ बजे तक वाराणसी में मात्र 8.93 प्रतिशत ही मतदान हो पाया। जबकि मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। वाराणसी की सभी आठ विधानसभा सीटों वाराणसी कैंट, वाराणसी दक्षिणी,अजगरा,वाराणसी उत्तरी, रोहनिया,पिंडरा, शिवपुर और सेवापुरी में मतदान जारी है। लेकिन बूथों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत के बीच मतदान बाधित हो रहा है। शहर उत्तरी विधानसभा के जीआईसी में बूथ नम्बर 311 पर ईवीएम की खराबी के चलते मतदान बाधिक रहा। योगी के मंत्री रवींद्र जायसवाल को भी मतदान के लिए ईवीएम की खराबी के कारण 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।
वाराणसी में आज सुबह 9 बजे तक 8.93 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें अजगरा-9.5 प्रतिशत, पिण्डरा में 9.15 प्रतिशत , वाराणसी उत्तरी में 8.45 प्रतिशत, रोहनिया में 8.85 प्रतिशत , वाराणसी दक्षिणी में 7.12 प्रतिशत , शिवपुर में 10.82 प्रतिशत, सेवापुरी में 10.08 प्रतिशत वाराणसी कैण्ट विधानसभा में 7.5 प्रतिशत तक मतदान हो चुका है।
सुबह तय समय 7 बजे मतदान शुरू हुआ लेकिन सुबह सभी विधानसभाओं के अधिकांश मतदान केंद्रों पर दो दर्जन से अध्किा ईवीएम खराबी की शिकायत (EVM malfunction complaint) दर्ज की गई। योगी के मंत्री ने ईवीएम खराबी की शिकायत जिलाधिकारी से की।

