मेरठ। जिले में अप्रैल के महीने में जेठ की तपिश महसूस हो रही है। मार्च से अब तक एक बूंद भी बारिश अभी तक नहीं हुई है। मेरठ के तापमान सोमवार को 41 डिग्री रहा। जो कि सामान्य से सात डिग्री अधिक बताया जा रहा है। मौसम विभाग का अंदाज है आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। अप्रैल महीने के दूसरे सप्ताह में पहली बार भीषण गर्मी पड़ रही है। मेरठ ही नहीं आसपास के जिलों में भी लोगों का घर से बाहर निकलना दुश्वार हो रहा है। गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों का सामना हो रहा है। बता दें कि मेरठ में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री था और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री पर।

Read also: हाय रे गर्मी: 10 दिन में ही दो हजार मेगावट से ज्यादा बढ़ी बिजली की मांग

मौसम विभाग के अनुसार इस बार करीब चार दशक के बाद अप्रैल में मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले चार दिन से जिले का तापमान लगातार 40 डिग्री पर है। कृषि प्रणाली संस्थान के वरिष्ठ कृषि मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि पिछले चार दशक में पहली बार अप्रैल में ऐसी भीषण गर्मी देखी गई है। मेरठ में 26 फरवरी को हल्की बारिश हुई थी। लेकिन उसके बाद से जिले में एक बूंद भी पानी नहीं बरसा। जबकि तापमान में बढ़ोतरी बराबर हो रही है। सूरज की किरणें धरती पर सीधी पड़ रही है।

उन्होंने बताया कि इस सप्ताह गर्मी के तेवर तल्ख ही रहेंगे। फरवरी के बाद कोई पश्चिम विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ। पश्चिम विक्षोभ मौसम को प्रभावित करता है। तेज गर्मी से गेहूं की फसल की पैदावार प्रभावित हो गयी है।

