वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने सीनेटर कमला हैरिस को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई अश्वेत महिला देश की किसी बड़ी पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनी हैं। यदि हैरिस उपराष्ट्रपति बन जाती हैं, तो वह इस पद पर काबिज होने वाली अमेरिका की पहली महिला होंगी ।
भारत से भी है नाता
55 वर्षीय कमला हैरिस अमेरिका की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं और भारत के साथ उनका एक गहरा नाता है। हैरिस का जन्म 1964 में कैलिफोर्निया में हुआ है। हैरिस की मां भारतीय मूल की डॉक्टर थीं। हैरिस के पिता अफ्रीकी हैं और एक इकॉनमिस्ट हैं। कमला हैरिस खुद अमेरिका के कैलिफोर्निया की सीनेटर हैं। कमला की बहन माया हैरिस साल 2016 में हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान का हिस्सा थीं। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा हैरिस को अकसर पथप्रदर्शक बताते हैं।

