क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान कभी भी शराब या तंबाकू का प्रमोशन नहीं किया. इसके पीछे क्या राज था, क्यों सचिन इन बेशुमार पैसा उड़ाने वाली कंपनियों के एड से दूर रहे. इसका खुलासा अब खुद सचिन ने किया है. सचिन के मुताबिक इन सामानों का उत्पादन करने वाली कई बड़ी कंपनियों ने स्पांशरशिप के लिए उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने पिता से किए एक वादे को पूरा करने के लिए कभी भी इनका हाथ नहीं थामा.
नहीं तोड़ा वादा
सचिन ने शनिवार को एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में खुलासा करते हुए बताया कि उनके पिता ने ऐसे किसी भी प्रोडक्ट्स के साथ जुडऩे से मना किया था जिससे देश के युवाओं में गलत संदेश जाए. सचिन ने कहा, मैंने अपने पिता से यह वादा किया था कि मैं कभी भी ऐसे ब्रांड्स का प्रमोशन या ऐड नहीं करूंगा. इसलिए मैंने कभी भी पिता से किया हुआ यह वादा नहीं तोड़ा.
भारत रत्न से सम्मानित 47 वर्षीय पूर्व कप्तान ने कहा, कई ब्रांड्स ने यहां तक कहा था कि एक-दो साल न सही एक-दो सीरीज के लिए ही करार कर लीजिए, लेकिन मैंने कभी ऐसा नहीं किया और पिता के साथ किए वादे को बरकरार रखा.

