लंदन। इंग्लैंड-वेस्टइंडीज के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच गुरुवार से ओल्ड टैफर्ड में शुरू हो रहा है. पहले मैच में हार के बाद सीरीज में 1-0 से पिछडऩे वाली इंग्लैंड टीम की कोशिश होगी कि वह इस मैच को जीतकर बराबरी करे. कप्तान जो रूट की इस मैच में वापसी हो रही है. वह पहले मैच में नहीं खेल सके थे. रूट की मौजूदगी से इंग्लैंड को मजबूती मिलेगी. वहीं, वेस्टइंडीज की कोशिश होगी कि वह यह मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ले. यह मैच जीतते ही वेस्टइंडीज टीम इंग्लैंड में 32 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतेगी. इससे पहले विंडीज टीम ने 1988 में इंग्लिश टीम को उसी के घर में 5 टेस्ट की सीरीज में 4-0 से हराया था.
रूट को मिल सकता है मौका
रूट के बिना पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. रूट अब टीम में जो डेनली की जगह ले सकते हैं. जैक क्रॉवले ने दूसरी पारी में 76 रन बनाए थे और इससे उनका टीम में स्थान पक्का है. विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर पहले मैच में क्रमश: 35 और 9 रन ही बना पाए थे. इसके अलावा उन्होंने जर्मेन ब्लैकवुड का भी कीमती कैच छोड़ दिया था और बाद में ब्लैकवुड ने 95 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी थी.
बारिश का नहीं रहेगा खलल
पहले मैच में साउथैम्पटन में पहले दो दिन बारिश के कारण धुल गए थे, लेकिन मैनचेस्टर में ऐसा नहीं होगा. यहां पहले दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन अगले 4 दिन आसमान साफ रहेगा और धूप भी देखने को मिलेगी.
तेज गेंदबाजों को मदद
मैनचेस्टर की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी. टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी. पहले बैटिंग करने वाली टीम का इस पिच पर 37.97परसेंट सक्सेस रेट रहा है. इस मैदान पर अब तक 79 टेस्ट हुए. इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 30 मैच जीती और 14 हारी है.
- किसमें कितना है दम
- 158 टेस्ट खेले गए हैं अब तक दोनों टीमों के बीच.
- 49 टेस्ट इंग्लैंड ने जीते, 58 में उसे हार मिली और 51 मैच ड्रॉ रहे हैं.
- 87 मैच इंग्लैंड में हुए, जिसमें वह 34 मैच जीता, जबकि 31 में उसे हार मिली.
दोनों टीमें
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), शेन डाउरिच (विकेटकीपर), जर्मेन ब्लैकवुड, नकरमाह बोनर, क्रैग ब्रैथवेट, शमर ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेस, राहीकेन कॉर्नवाल, केमर होल्डर, शाई होप, अल्जारी जोसेफ, शेनन गेब्रियल, रेमन रीफर और केमार रोच.
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), मार्क वुड, जेम्स एंडरसन, जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर, डॉमनिक बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बन्र्स, जैक क्रॉवल, जो डेनली, ओली पोप, डॉम सिबले, क्रिस वोक्स और जो रूट.
होल्डर बने नंबर वन
वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में अपना अभी तक का सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल कर लिया है. होल्डर ने बीते 20 साल में किसी विंडीज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा अंक हासिल करने का रिकार्ड बनते हुए गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है. उन्होंने पहले मैच में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. बल्लेबाजों की रैंकिंग में उन्होंने अपना 35वां स्थान बनाए रखा है. वहीं ऑलराउंडरों की रैंकिंग में वह 485 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं. इस सूची में एजेस बाउल में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाले बेन स्टोक्स 431 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
रद हो सकती है इंग्लैंड के साथ सीरीज
सितंबर में इंग्लैंड और इंडिया के बीच होने वाली सीरीज का कोविड-19 के कारण स्थगित होना तय माना जा रहा है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने अभी इस संबंध में औपचारिक घोषणा नहीं की है लेकिन जल्द ही ऐसा होने की संभावना है. बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, इंग्लैंड को सितंबर के आखिर में छह मैच (तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय) खेलने थे. निश्चित तौर पर वर्तमान परिस्थितियों में इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर नहीं आ सकती है. इस सीरीज के स्थगित होने से आईपीएल के आयोजन के लिए एक और विंडो खुल जाएगी.

