नई दिल्ली। साउथैंप्टन में पहला टेस्ट गंवाने वाली इंग्लैंड की टीम ने मैनचेस्टर टेस्ट में वेस्टइंडीज को कड़ी चुनौती दी है. इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 9 विकेट पर 469 रन बनाए. इंग्लैंड के बड़े स्कोर तक पहुंचने के बाद कप्तान जो रूट ने पारी घोषित की. इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और डोम सिब्ले ने शानदार शतकीय पारियां खेली. स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 176 रन बनाए वहीं सिब्ले ने 120 रनों की बेमिसाल पारी खेली. सिब्ले और स्टोक्स के बीच 260 रनों की मैराथन साझेदारी हुई, जिसके दम पर इंग्लैंड ने दमदार स्कोर बनाया. वैसे स्टोक्स और सिब्ले की शतकीय पारियों के बीच विंडीज स्पिनर रोस्टन चेज ने भी एक गजब कारनामे को अंजाम दिया.
रोस्टन चेज ने रचा इतिहास
ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज ने पहली पारी में 172 रन देकर 5 विकेट झटके. बता दें मैनचेस्टर के मैदान पर 70 साल बाद किसी विंडीज स्पिनर ने पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है. इससे पहले साल 1950 में ए एल वेलेंटाइन ने मैनचेस्टर के मैदान पर पांच विकेट लिये थे. चेज ने अपने करियर में तीसरी बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. बता दें इससे पहले इस मैदान पर 7 साल पहले ग्रीम स्वान ने पांच विकेट लेने का कारनामा किया था. मैनचेस्टर में रोस्टन चेज ने रॉरी बर्न्स, जैक क्रॉले, डोम सिब्ले, ऑली पोप और सैम कर्रन के विकेट झटके.
35 साल बाद स्पिनर ने लिया पहला विकेट
बता दें मैनचेस्टर टेस्ट में रोस्टन चेज ने एक और कारनामे को अंजाम दिया. चेज ने इंग्लैंड के ओपनर रॉरी बर्न्स को पहले दिन पगबाधा आउट किया था. ये इंग्लैंड का पहला विकेट था जो कि बेहद खास भी था. दरअसल 35 साल बाद किसी स्पिनर ने मैनचेस्टर में टेस्ट मैच का पहला विकेट लिया था. इससे पहले साल 1985 में जॉन एम्बुरे ने ये कारनामा किया था. एशेज सीरीज में एम्बुरे ने ऑस्ट्रेलिया के केपलर वेसेल्स का विकेट चटकाया था.
इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज रहे फ्लॉप
टॉम सिब्ले और बेन स्टोक्स को अगर छोड़ दिया जाए तो इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने में खासा परेशानी हुई. मैनचेस्टर में क्रॉले और वोक्स पहली-पहली गेंद पर ही आउट हो गए. वहीं ऑली पोप 7, रॉरी बर्न्स 15, कप्तान जो रूट 23 रन पर आउट हो गए. जोस बटलर ने 40 रन बनाकर अपना विकेट फेंक दिया. साफ है अगर सिब्ले और स्टोक्स की जोड़ी ना टिकती तो इंग्लैंड की टीम मुश्किल में नजर आती.

