नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते 2020 टी-20 वर्ल्ड कप टल गया लेकिन अब सवाल ये है कि अगले साल भारत में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप क्या ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट कर दिया जाएगा? इसी मुद्दे पर शुक्रवार को आईसीसी की बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं, जिसमें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ भी शामिल होंगे. बैठक में दोनों के बीच टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी को लेकर चर्चा होने वाली है. उम्मीद है कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह के साथ सीए के अर्ल एडिंग्स और निक हॉकले 2021 और 2022 चरण की मेजबानी को लेकर आम सहमति पर पहुंच जायेंगे.
आईसीसी की बैठक क्यों है अहम?
आईसीसी बोर्ड सदस्य ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘बैठक का मुख्य एजेंडा आईसीसी टूर्नामेंट के शेड्यूल को लेकर है जिसमें महिलाओं का अगले साल के शुरू में वनडे विश्व कप भी शामिल है. उम्मीद है कि कुछ फैसले लिये जायेंगे.’ इस साल 18 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी विश्व टी20 का आयोजन किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया जिससे इंडियन प्रीमियर लीग के आयोजन को लेकर रास्ता साफ हुआ जो संयुक्त अरब अमीरात में 19 सितंबर से शुरू होगी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया चाहता है 2021 टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी
उम्मीद है कि सीए अक्टूबर 2021 में टी20 विश्व कप की मेजबानी करना चाहेगा क्योंकि उसने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और वह दो साल तक इंतजार नहीं करना चाहेगा लेकिन बीसीसीआई भी 2021 में टूर्नामेंट की मेजबानी के अपने अधिकार को छोड़ना नहीं चाहेगा. आईसीसी बोर्ड के एक सदस्य ने कहा, ‘बीसीसीआई को 2021 में टी20 विश्व कप की मेजबानी करनी थी और वे इसे ऐसे ही करना चाहेंगे. एक अन्य कारण है कि 2022 में टी20 विश्व की मेजबानी के महज एक साल के अंदर 50 ओवर के वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी. यह बहुत मुश्किल होगा. ‘ हालांकि सीए के पक्ष में कुछ चीजें हैं. उन्होंने कहा, ‘आईसीसी की वेबसाइट का कहना है कि जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया विश्व टी20 के लिये मैच के टिकट बुक कर लिये हैं, वे अगली घोषणा तक इंतजार करें. इसका कारण है कि सीए अगले साल टूर्नामेंट की मेजबानी करना चाहता है.’
महिला वर्ल्ड कप 2021 का आयोजन होगा
पता चला है कि आठ टीमों के महिला वनडे विश्व कप के कार्यक्रम के अनुसार फरवरी-मार्च 2021 में न्यूजीलैंड में आयोजित होने का पूरा मौका है. उन्होंने कहा, ‘हां, क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट अभी पूरा होना बाकी है क्योंकि हर देश में कोविड-19 के हालात अलग हैं, यह आईसीसी के लिये सिरदर्द होगा. स्वास्थ्य सुरक्षा मुद्दों को देखते हुए न्यूजीलैंड दुनिया भर में कोविड-19 से निपटने वाला सर्वश्रेष्ठ देश है.

