अमित बिश्नोई
महेंद्र सिंह धौनी के साथ सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. दोनों ने अपने रिटायरमेंट का ऐलान इंस्टाग्राम पर किया. धौनी और रैना की दोस्ती कितनी गहरी है, दोनों के फैसलों से इस बात का प्रमाण मिलता है. सुरेश रैना ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की जिसमें उनकी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथी खिलाड़ी केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, अंबाती रायडू, कर्ण शर्मा और मोनू सिंह दिख रहे हैं.
थैंक यू इंडिया
रैना ने इस फोटो के कैप्शन में लिखा, ”तुम्हारे साथ खेलना दिलचस्प रहा माही. मैं अपने दिल में गर्व लिए तुम्हारे साथ इस यात्रा में सहभागी बनना चाहता हूं. थैंक्यू इंडिया, जय हिंद.” आपको बता दें कि धौनी और रैना ने क्रिकेट में अपनी पार्टनरशिप से भारत को कई मैच जिताए. मैदान के बाहर भी इनकी दोस्ती काफी गहरी है. एमएस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का कोई सीजन बिना सुरेश रैना के नहीं खेला है.
नहीं तोड़ी दोस्ती
क्रिकेट के गलियारों में दोस्ती का ज़िक्र आए और उसमें महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना की दोस्ती को ना याद किया जाए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. दरअसल, ये दोनों ही खिलाड़ी मैदान पर जितनी अच्छी साझेदारी करते नजर आते रहे, असल जिंदगी में ये उतने ही अच्छे दोस्त भी हैं. दोनों ने वनडे मे एक साथ बल्लेबाजी करते हुए 73 पारियों में 57 की औसत के साथ 3585 रन जोड़े. इस दौरान उन्होंने 9 बार शतकीय और 18 बार अर्धशतकीय साझेदारी भी निभाई. वहीं टी20I की 21 पारियों मे इस जोड़ी ने 27 की औसत के साथ 549 रन जोड़े और इनके बीच दो बार 50+ रन की साझेदारी भी देखने को मिली.

