नई दिल्ली। वर्ल्ड कप 2019 के बाद से ही ग्लेन मैक्सवेल क्रिकेट नहीं दूसरी वजहों से सुर्खियों में रहे हैं. मैक्सवेल वर्ल्ड कप के दौरान ही डिप्रेशन का शिकार हो गए थे और उन्हें क्रिकेट से ब्रेक तक लेना पड़ा था. लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के इस ऑलराउंर ने गजब वापसी की. मैक्सवेल ने पहले बिग बैश लीग में रन बनाए और अब वो इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं. मैक्सवेल इस वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं, जहां टीम को 3 मैचों की वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है. इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम आपस में दो टीमें बनाकर प्रैक्टिस मैच खेल रही है और उस मैच में मैक्सवेल ने अपने बल्ले का पराक्रम दिखाया है.
मैक्सवेल ने ठोका शानदार शतक
मैक्सवेल ने प्रैक्टिस मैच में कमिंस इलेवन को शानदार जीत दिलाई. फिंच इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए, जिसके जवाब में कमिंस इलेवन को 2 विकेट से शानदार जीत मिली. कमिंस इलेवन को स्टोयनिस और मैक्सवेल ने जीत दिलाई. मैक्सवेल ने 108 रनों की बेहतरीन पारी खेली और मार्कस स्टोयनिस ने 87 रन बनाए.
पिछले साल अक्टूबर में खेले थे आखिरी इंटरनेशनल मैच
बता दें ग्लेन मैक्सवेल पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं. मैक्सवेल ने पिछले साल अक्टूबर में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी बार टी20 सीरीज में हिस्सा लिया था. स्टोयनिस और मैक्सवेल दोनों वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर थे. लेकिन प्रैक्टिस मैच में इन दोनों ने अपना दमखम दिखाया. मैक्सवेल और स्टोयनिस क्रीज पर जब मौजूद थे तो स्कोर 2 विकेट पर 9 रन था. मिचेल स्टार्क ने मैथ्यू वेड और रिली मैरिथ को आउट कर कमिंस इलेवन को मुश्किल में डाल दिया था. इसके बाद मैक्सवेल और स्टोयनिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए फिंच इलेवन की हार तय कर दी.
किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खुशखबरी
बता दें ग्लेन मैक्सवेल का रन बनाना सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के लिए ही खुशखबरी नहीं है. आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब के लिए भी ये अच्छी खबर है. मैक्सवेल आईपीएल के इस सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलने वाले हैं और उनकी अच्छी फॉर्म पंजाब के लिए अच्छी बात है. सिर्फ मैक्सवेल ही नहीं उनके एक और खिलाड़ी निकोलस पूरन ने भी सीपीएल में महज 45 गेंदों में शतक ठोका है. अब देखना ये है कि ये दोनों बल्लेबाज आईपीएल में अपना टैलेंट दिखाकर टीम को पहली बार चैंपियन बना पाते हैं या नहीं.

