दिल्ली की लगातार चौथी हार, प्लेऑफ का इंतजार बढ़ा

स्पोर्ट्सदिल्ली की लगातार चौथी हार, प्लेऑफ का इंतजार बढ़ा

Date:


दिल्ली की लगातार चौथी हार, प्लेऑफ का इंतजार बढ़ा

दुबई: दिल्ली कैपिटल्स को अपने बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण मुंबई इंडियंस के हाथों शनिवार को आईपीएल मुकाबले में नौ विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा जिससे दिल्ली का प्लेऑफ का इंतजार बढ़ गया है। दिल्ली की यह लगातार चौथी हार है जबकि मुंबई ने नौंवीं जीत के साथ शीर्ष दो स्थानों में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

मुंबई ने दिल्ली को 20 ओवर में नौ विकेट पर 110 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया और फिर 14.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर इस आईपीएल में अपनी नौंवीं जीत हासिल कर ली। गत चैंपियन मुंबई के 13 मैचों से 18 अंक हो गए हैं और उसका शीर्ष दो टीमों में बने रहना सुनिश्चित हो गया है। मुंबई के लिए युवा ईशान किशन ने नाबाद 72 रन की मैच विजयी पारी खेली जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। दिल्ली की पारी में मुंबई के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 21 रन पर तीन विकेट और जसप्रीत बुमराह ने 17 रन पर तीन विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी।

दिल्ली की 13 मैचों में यह छठी हार है और उसके खाते में 14 अंक हैं। दिल्ली को इस तरह लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली को 20 अक्टूबर को किंग्स इलेवन पंजाब ने पांच विकेट से, 24 अक्टूबर को कोलकाता नाईट राइडर्स ने 59 रन से, 27 अक्टूबर को सनराइजर्स हैदराबाद ने 88 रन से और आज मुंबई इंडियंस ने नौ विकेट से हराया ।

दिल्ली अभी तीसरे स्थान पर है और उसे प्लेऑफ के लिए सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मुकाबले का इंतजार करना होगा। दिल्ली को इस मैच के निराशाजनक प्रदर्शन से उबरकर अगले मैच में वापसी करनी होगी।

मुंबई के लिए लक्ष्य मुश्किल नहीं था और उसके बल्लेबाजों ने सहजता से इसे हासिल कर लिया। दिल्ली के गेंदबाजों के पास बचाव के लिए कुछ नहीं था और वे बस मैच पूरा करने की औपचारिकता पूरी करने में लगे रहे। दिल्ली को इस हार से भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसका नेट रन रेट प्लस से माइनस में चला गया है जो अंत में उसे भारी भी पड़ सकता है।

ईशान किशन और क्विंटन डी कॉक ने पहले विकेट के लिए 10.2 ओवर में 68 रन की ठोस साझेदारी कर मुंबई को जीत की राह पर डाल दिया। एनरिच नोर्त्जे ने डी कॉक को बोल्ड किया। डी कॉक ने 28 गेंदों पर 26 रन में दो चौके लगाए।

शानदार फॉर्म में खेल रहे ईशान किशन ने सूर्यकुमार यादव के साथ मुंबई को आसान जीत दिला दी। ईशान ने 47 गेंदों पर नाबाद 72 रन की मैच विजयी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए जबकि सूर्य ने 11 गेंदों पर नाबाद 12 रन में एक चौका लगाया। ईशान ने मुंबई के लिए विजयी छक्का मारा। मुंबई ने इस तरह दुबई के मैदान में छह मैचों में पहली जीत हासिल की।

इससे पहले मुंबई ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम पहले ही ओवर में शिखर धवन को गंवाने के बाद मुकाबले में कहीं भी खड़ी होती नहीं दिखाई दी। दिल्ली की बल्लेबाजी का आलम यह था कि छह ओवर के पॉवरप्ले में मात्र 22 रन बने थे और 10 ओवर तक टीम का स्कोर 49 रन था। अगले 10 ओवर में भी यही कहानी रही और दिल्ली इन 10 ओवरों में 61 रन ही जोड़ सकी।

मुंबई के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 21 रन पर तीन विकेट और जसप्रीत बुमराह ने 17 रन पर तीन विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी। दिल्ली के बल्लेबाजों के पास इन दोनों तेज गेंदबाजों का कोई जवाब नहीं था। बुमराह के इस आईपीएल में अब 23 विकेट हो गए हैं। नाथन कॉल्टर नाइल और राहुल चाहर को एक-एक विकेट मिला।

दिल्ली की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने 29 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 25 रन बनाये जबकि ऋषभ पंत ने 24 गेंदों में दो चौकों के सहारे 21 रन बनाये। ओपनर पृथ्वी शॉ ने 11 गेंदों में दो चौकों के सहारे 10 रन, शिमरॉन हेत्माएर ने आठ गेंदों में एक चौके की मदद से 11 रन, रविचंद्रन अश्विन ने नौ गेंदों में एक छक्के के सहारे 12 रन और कैगिसो रबादा ने सात गेंदों में एक छक्के की मदद से 12 रन बनाये।

बोल्ट ने शिखर, पृथ्वी और अश्विन को आउट किया जबकि बुमराह ने पंत, मार्कस स्टॉयनिस और हर्षल पटेल को पवेलियन भेजा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

UP Election: ओवैसी का सपा-कांग्रेस को गठबंधन का ऑफर, बोले- योगी को तीसरी बार CM नहीं बनने देंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन...

मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल...